Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लव मैरिज की बदनामी... झूठी शान के लिए हुई फौजी की हत्या, हाथरस में दो आरोपित गिरफ्तार

    Updated: Sun, 08 Feb 2026 01:21 PM (IST)

    हाथरस के सादाबाद में फौजी अखिलेश कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फौजी की हत्या उसकी पत्नी के बुआ ...और पढ़ें

    पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपित।

    पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपित।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, हाथरस। सादाबाद में फौजी की हत्या के दो आरोपितों को पुलिस ने दबोच लिया है। मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने यह सफलता हासिल की है। फौजी की हत्या उसकी पत्नी के बुआ के परिवार के लोगों ने झूठी शान के लिए की थी।

    चार साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। इससे समाज में उनकी बदनामी हो रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों से असलहे, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के प्रार्थनापत्र के बाद न्यायालय ने आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है।

    file pict

    फौजी की फाइल फोटो।

    आरोपितों की बुआ की बेटी से फौजी ने किया था प्रेम विवाह

    सादाबाद के गांव समदपुर निवासी देवेंद्र सिंह सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके इकलौते बेटे 28 वर्षीय अखिलेश कुमार भारतीय सेना की 509 बटालियन आगरा में इंजीनियरिंग कोर में जवान थे। वह परिवार के साथ आगरा में ही रहते थे। अखिलेश पर गांव में कई वर्ष पूर्व हुए झगड़ों को लेकर जानलेवा हमले, मारपीट और अन्य धाराओं के चार-पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसी मुकदमे की तारीख करने वह गुरुवार को हाथरस कोर्ट आए थे। दोपहर में वह आगरा लौट रहे थे।

    तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त ईको बरामद, अन्य आरोपितों के एनबीडब्लयू जारी

    सादाबाद और हाथरस के बीच बढ़ार चौराहे से थोड़ा पहले ईकाे कार सवार हमलावरों ने सामने से टक्कर मारकर कार को रुकवा लिया। कार के पीछे बाइक पर दो युवक और आ गए। अखिलेश कुछ समझ पाते इससे पहले ही हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे बचने के लिए वह कार से निकलकर भागे। हमलावर भी उनके पीछे दौड़ रहे थे। वह मुन्नी देवी कोल्ड स्टोर के पास भट्ठे के जाने वाले रोड पर दौड़े तो पैर में गोली मारकर हमलावरों ने उन्हें गिरा लिया। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उनके सिर, कंधे के नीचे, बायीं बाजू और बाएं पैर में कुल चार गोलियां लगी।

    खबरें और भी

    सिर में गोली लगने के कारण कुछ ही देर में हुई मौत

    सिर में गोली लगने के कारण कुछ देर बाद ही सीएचसी में उनकी मौत हो गई। फौजी की बहन डौली ने गांव सदमपुर निवासी रमेश, जगवीर सिंह, अंकित, केके पंडित, भोला, विक्रम उर्फ विक्की, बौबी उर्फ विशाल, हेमंत, राजा, गब्बर व दो तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

    एसपी ने पांच टीमों का किया था गठन

    हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की पांच टीमें गठित की हैं। इन टीमों ने लगभग 290 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों की पहचान की। शनिवार को पुलिस ने कुरसंडा मोड़ के पास गौरी गोपाल ढाबा से बौबी उर्फ विशाल और राजा उर्फ राहुल निवासी समदपुर थाना सादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

    अखिलेश ने बुआ की बेटी से किया था प्रेम विवाह

    एसपी के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया है अखिलेश ने उनकी बुआ की बेटी से प्रेम विवाह किया था। इससे परिवार की बदनामी हो रही थी, जिसके चलते उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। अखिलेश से हम लोगों को भी खतरा था, इसी रंजिश के कारण भाईयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

    दोनों गिरफ्तार आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। विवेचक ने फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्क कराने के लिए माननीय न्यायालय में आवेदन किया है।न्यायालय ने फरार आरोपितों के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए हैं। जल्द की उनके घरों की कुर्की की जाएगी।

    गांव में तनाव पूर्ण शांति, दबिश जारी

    सादाबाद। फौजी की हत्या के बाद गांव में तनाव पूर्ण शांति हैं। आरोपितों के घरों पर ताले हैं। वह गांवों से फरार हैं। पुलिस की पांच टीमें उनकी तलाश में गैर राज्यों में दबिश दे रही हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव की रंजिश एक बार फिर से ताजा कर दिया है। दिनदहाड़े की गई इस घटना की हर कोई निंदा कर रहा है।

    फौजी के परिवार के लोग रंजिश और नौकरी के चलते बाहर रहते हैं। उनकी माैसी और कुछ रिश्तेदार गांव में रहते हैं। पुलिस सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस से उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। इधर गांव में घटना के बाद तनाव बना हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए वहां पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें दबिश के लिए भरतपुर, जयपुर, नोएडा, दिल्ली, आगरा, मथुरा में गई हैं।

    सेना के जवान की हत्या करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है, जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    -

    चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसपीा।