विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डेढ़ महीने में 8 बार डंस चुका सांप, हाथरस की बच्ची के पीछे पड़ा; मेडिकल साइंस भी हैरान

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 22 Sep 2026 09:37 PM (IST)

हाथरस में एक 17 वर्षीय किशोरी को डेढ़ महीने में आठ बार सांप ने डस लिया है, जिससे परिवार और ...और पढ़ें

मंगलवार को अस्पताल में भर्ती बच्ची। इससे चार पहले भी सांप के डसने से हॉस्पिटल में पहुंची थी।

मंगलवार को अस्पताल में भर्ती बच्ची। इससे चार पहले भी सांप के डसने से हॉस्पिटल में पहुंची थी।

जागरण संवाददाता, हाथरस। सांप का एक बार काटना तो सभी ने सुना है। एक ही लड़की को डेढ़ महीने में आठवीं बार डसना हैरान और चौंकाने कर देने वाला मामला है। मेडिकल साइंस घुटने टेक गई है। डॉक्टरों के पास भी कोई जवाब नहीं है। इसे अंधविश्वास कहें या कुछ और। जवाब किसी के पास नहीं है। मजबूरी में अब सपेरों का सहारा लिया जा रहा है।

हाथरस जंक्शन के गांव ऐहन के मजरा छोटा लाडपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय किशोरी को मंगलवार को आठवीं बार सांप ने डंस लिया। लगातार हो रही घटनाओं से परिवार में दहशत का माहौल है।

अनीता पुत्री कोमल गौतम सरस्वती डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। स्वजन के अनुसार मंगलवार सुबह से ही घर में काला सांप दिखाई दे रहा था। परिवार पहले से ही डरा हुआ था। शाम के समय अनीता घर के अंदर काम कर रही थी, तभी सांप ने उसे डंस लिया

चीख सुनकर स्वजन दौड़े और उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, चिकित्सक ने उसका उपचार किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पिता कोमल गौतम ने बताया कि यह घटना पहली बार नहीं है। पिछले डेढ़ महीने में उनकी बेटी को आठ बार सांप डंस चुका है। तीन दिन के अंदर तीन बार डंसने की घटना भी हो चुकी है।

हर बार अस्पताल में इलाज के बाद वह ठीक हो जाती है, लेकिन घर लौटते ही फिर वही डर सताने लगता है। घर में बार-बार सांप निकलने से परिवार के अन्य सदस्य भी सहमे हुए हैं। छोटे बच्चे घर के अंदर जाने से कतरा रहे हैं। परिवार ने सांप को पकड़ने के लिए कई सर्प मित्रों को बुलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

सांप कभी दीवार की दरारों में तो कभी सामान के पीछे छिप जाता है। थक-हार कर परिवार ने अब वन विभाग से सांप को पकड़ने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ इसे अंधविश्वास से जोड़ रहे हैं तो कुछ घर में सांप का बिल होने की आशंका जता रहे हैं

स्वजन ने प्रशासन से मांग की है कि वन विभाग की टीम भेजकर घर की जांच कराई जाए और सांप को पकड़कर बच्ची की जान बचाई जाए। वहीं चिकित्सक का कहना है कि किशोरी को निगरानी में रखा गया है और एंटी वेनम सहित जरूरी उपचार दिया जा रहा है।

लगातार परेशान कर सांप

लाड़पुर निवासी कोमल प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी अनीता को 17 सितंबर को किशोरी को घर में सांप ने डस लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल कालेज रेफर किया गया था। हद तो तब हो गई जब इलाज के बाद बेटी घर पहुंची जब बाथरूम में गई, तो वहां पहले से मौजूद सांप ने फिर से डस लिया। किशोरी की चीख सुनकर पहुंचे स्वजन ने आनन-फानन में उसे फिर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।

घर में छिपा हो सकता है सांप

पिता कोमल प्रसाद का कहना है कि डेढ़ महीने में आठवीं बार सांप के काटने से वे बेहद परेशान हो चुके हैं। सर्प विशेषज्ञों का अनुमान है कि सांप घर के किसी कोने या बाथरूम के आसपास ही छिपा हुआ है। इस कारण किशोरी बार-बार उसकी चपेट में आ रही है। चिकित्सकों ने परिवार को घर की गहन सफाई कराने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

सांप को घर से भगाने के लिए थाली भी बजवाई

अनीता के पिता कोमल प्रसाद ने बताया कि सांप को घर से भगाने के लिए थाली भी बजवाई गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। परिवार पहले भी सर्प मित्रों को बुला चुका है, लेकिन सांप पकड़ में नहीं आया

पिता का दावा है कि उनकी बेटी को कोबरा ने काटा है। उनके मुताबिक, वन विभाग से संपर्क करने के बावजूद अभी तक कोई सांप पकड़ने नहीं पहुंचा है।

एंटी वेनम देकर बचाई गई जान

जिला अस्पताल के सीएमएस डा. सूर्यप्रकाश ने बताया कि किशोरी को इमरजेंसी में तुरंत एंटी वेनम का इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद दो घंटे में उसकी स्थिति में सुधार आ गया। सीएमएस के अनुसार आशंका है कि सांप अत्यधिक जहरीला नहीं था, जिसके चलते किशोरी की जान बार-बार बच रही है और हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।