जालौन में भ्रष्टाचार पर एक्शन; किसान से पैसा लेते हुए दलाल का वीडियो प्रसारित, रजिस्ट्रार व कानूनगो होंगे निलंबित
जालौन में दाखिल खारिज के नाम पर किसान से दलाल द्वारा पैसे लेते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। जिलाधिकारी के संज्ञान के बाद रजिस्ट्रार कानूनगो को निलंबित ...और पढ़ें

HighLights
पैसा लेने वाले बाहरी व्यक्ति पर दर्ज किया जाएगा मुकदमा, बैठाई गई जांच
कानूनगो के कक्ष में दाखिल खारिज कराने के नाम पर पांच हजार रुपये लिए थे
संवाद सहयोगी जालौन। दाखिल खारिज कराने के नाम पर कानूनगो के कक्ष में किसान से दलाल ने पांच हजार रुपये लिए और गिन कर फाइल में रखते हुए मेज की दरार में रख लिए। इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाया और इंटरनेट मीडिया पर सोमवार की शाम को प्रसारित हो गया। इसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को जांच कराने और मामले में रजिस्ट्रार कानून-गो (आरके) को निलंबित करने के साथ आरोपित बाहरी व्यक्ति (दलाल) पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम ने इसकी जांच प्रभारी तहसीलदार को सौंपी है। जांच रिपोर्ट के बाद आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।
जालौन तहसील में कानून-गो प्रदीप निरंजन के कक्ष में बाहरी व्यस्ति मनोज शर्मा दलाली किया करता है। तहसील कर्मियों के अनुसार यह दलाली करता था और दाखिल खारिज, पैमाइश कराने वालों का काम कराने के नाम पर पैसों की उगाही करता था। इसी तरह के एक मामले में शुक्रवार को किसी गांव के कुछ किसान दाखिल खारिज कराने को तहसील पहुंचे थे। उनका काम कराने के लिए दलाल ने पर किसान एक-एक हजार रुपये देने को कहा। इस तरह पांच किसानों से पांच हजार रुपये दलाल ने फाइल में रखवा कर लिए और उन्हें कोने में जाकर गिनने लगा।
इस दौरान एक व्यक्ति ने उसका वीडियो बना लिया। इस वीडियो में आरोपित दलाल पैसे लेते और गिनते हुए दिख रहा है। सोमवार को इस प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने मामले की जांच कराने और रजिस्ट्रार कानून-गो को निलंबित व आरोपित दलाल पर मुकदमा दर्ज कराने के आदेश जालौन एसडीएम राकेश सोनी को दिए हैं।
तहसीलकर्मियों ने बताया कि जालौन कस्बे का निवासी मनोज शर्मा तहसील कार्यालय में काफी समय से सक्रिय है और उसको यह भी मालूम है कि कौन सी फाइल कहां रखी है। एसडीएम राकेश सोनी ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच प्रभारी तहसीलदार तारा शुक्ला को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। अभी मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
खबरें और भी
जांच कर रही जालौन तहसील की प्रभारी तहसीलदार तारा शुक्ला ने बताया कि किसान से पैसा लेने के मामले की जांच की जा रही है, आरोपित से पूछताछ की गई है, जिस किसान से पैसा लिए गए हैं उनका नाम-पता किया जा रहा है।