जालौन में दंपती से लूट के तीन आरोपी मुठभेड़ में पकड़े गए, एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल
जालौन में दंपती से लूट के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए, जिसमें एक बदमाश के पैर ...और पढ़ें
HighLights
जालौन में दंपती से लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी।
पड़ोसी प्रमोद उर्फ चीकू ने रची थी लूट की साजिश।
जागरण संवाददाता, जालौन। रविवार की रात 11 बजे के लगभग कोतवाली पुलिस व एसओजी की टीम ने मुखबिर से सूचना मिली की सिमरिया के लुटेरे कहीं जा रहे हैं। पुलिस ने अंडा से बिरगुवां जाने वाले मार्ग पर चेकिंग लगा दी।
ई-रिक्शा पर तीन संदिग्ध आते दिखे तो पुलिस ने उन्हें रोका लेकिन वह भागने लगे पीछा करने पर पुलिस पर दो राउंड फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने फायर किया तो एक युवक के पैर में गोली लग गई तो अन्य दो ने समर्पण कर दिया।
सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने घायल को इलाज के लिए भिजवाया। आरोपितों के पास से ई-रिक्शालएक तमंचा, दो कारतूस व 35 हजार की नकदी बरामद हुई। आरोपितों ने सिमरिया गांव में सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी व उसकी पत्नी को बंधक बनाकर लूट की थी।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमरिया निवासी रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी 72 वर्षीय रघुवीर अहिरवार उर्फ बाबा जन्माष्टमी पर पूजन करने के बाद पत्नी श्याम कुंवर उर्फ सिमकुरा के साथ कमरे में सो गए थे।
शुक्रवार रात एक बजकर 15 मिनट पर घर का दरवाजा खोलकर बाहर सड़क के किनारे बनी नाली में लघुशंका करने के लिए निकले। वहां पहले से चार नकाबपोश हथियार बंद बदमाशों ने दबोच लिया और मुंह बंद कर घसीटते हुए घर के अंदर ले गए थे। दंपती के हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंसा और दो लाख के जेवरात व दो लाख के रुपये लेकर भाग गए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया था। रविवार को एसओजी प्रभारी रिंकू सिंह व कोतवाली प्रभारी निगवेंद्र सिंह को सूचना मिली कि लूट के आरोपित ईरिक्शा से बिरगुवां की तरफ जा रहे हैं।
पुलिस ने चेकिंग लगाई तो आरोपित पुलिस को देखकर भागने लगे और फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाब में फायरिंग की तो गांधी नगर निवासी 24 वर्षीय रवि अहिरवार के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। उसके दो साथी ग्राम सिमरिया निवासी प्रमोद उर्फ चीकू व कांशीराम कॉलोनी निवासी जमील अहमद ने सरेंडर कर दिया।
सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ ने घायल को इलाज के लिए भेजा और दो अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से 35 हजार की नकदी तमंचा, कारतूस व जेवरात बरामद किए। पीड़ित रघुवीर अहिरवार को मौके पर बुलाकर जेवरातों की पहचान कराई।
रघुवीर के पड़ोसी ने रची थी लूट की साजिश
रघुवीर का पड़ोसी प्रमोद उर्फ चीकू ईरिक्शा चलाता है और वह पहले भी कई बार चोरियों के मामले में जेल जा चुका है। उसे पता था कि रघुवीर के घर में मंदिर निर्माण के लिए नकदी रखी है। इसी कारण उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। रघुवीर ने लूट के समय प्रमोद उर्फ चीकू को पहचान लिया था लेकिन जान से मारने की धमकी मिलने पर वह कुछ नहीं बता रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि आरोपितों की मुठभेड़ में गिरफ्तारी हो गई है। पुलिस टीम ने दो दिन में घटना का राजफाश किया है इसलिए इनाम दिलाने की संस्तुति की जाएगी।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में दुष्कर्म का फरार आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल
