Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जालौन में घर के बाहर सो रही महिला की सिर कुचलकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 02:48 PM (IST)

    जालौन के जायघा गांव में घर के बाहर सो रही 50 वर्षीय महिला मीना देवी की सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. जायघा गांव में घर के बाहर सो रही महिला की हत्या।

    2. सिर पर भारी वस्तु से वार कर की गई वारदात।

    3. बेटी के दहेज हत्या मामले से जुड़ाव की आशंका।

    संवाद सूत्र, जालौन। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जायघा में घर के बाहर सो रही महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह देर तक महिला चबूतरे पर चारपाई में लेटी रही तो पड़ोसियों को शक हुआ। पास जाकर देखने पर महिला चारपाई पर खून से लथपथ हालत में मिली।

    लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रामपुरा थाना पुलिस फोर्स के साथ सीओ अम्बुज यादव मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। महिला घर पर अकेली ही रह रही थी। घर का सामान भी व्यवस्थित मिला। जेठ व पारिवारिक देवर को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। महिला की बेटी के चल रहे दहेज हत्या के मामले पर भी पुलिस जांच कर रही है।

    गुजरात में रह रहे महिला के दोनों पुत्रों को पुलिस ने फोन करके सूचना दे दी है। सीओ ने बताया कि चेहरा व सिर पर गहरे जख्मी हैं, इससे अंदाजा है कि कुल्हाड़ी की उल्टी बाट या फिर पत्थर से हत्या की गई है। ग्राम जायघा निवासी 50 वर्षीय मीना देवी के पति कल्लू सिंह राजावत की लगभग 20 साल पहले मौत हो गई थी।

    महिला घर पर अकेली ही रहती थी

    उनके दोनों पुत्र 30 वर्षीय देवेंद्र सिंह और 25 वर्षीय विकेश सिंह गुजरात में परिवार सहित रहते हैं और वहीं पत्थर और टाइल्स लगाने का कार्य करते हैं। दोनों होली पर घर आए थे और कुछ दिन रुक कर चले गए थे। महिला घर पर अकेली ही रहती थी। पड़ोसियों के अनुसार बुधवार की रात प्रतिदिन की तरह मीना देवी घर के बाहर बने चबूतरे पर चारपाई में सो रही थी।

    खबरें और भी

    गुरुवार सुबह करीब नौ बजे तक वह नहीं उठीं तो पड़ोसियों ने आवाज भी दी, लेकिन कोई उत्तर न मिलने पर पास जाकर देखा तो उनके चेहरे व सिर पर कई जख्म थे और चारपाई के आसपास व बिस्तर पर खून फैला था। हालात देखकर लग रहा है कि किसी भारी वस्तु से प्रहार कर उनकी हत्या की गई है। क्षेत्राधिकारी अम्बुज यादव ने बताया कि हत्या बुधवार मध्य रात्रि के करीब की लग रही है।

    मामले में महिला के देवर रूपेंद्र सिंह उर्फ लला ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात पर हत्या करने की बात लिखी है। बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। महिला के पुत्र को फोन कर दिया गया है, उनके शुक्रवार सुबह तक पहुंचने की उम्मीद है। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने कहा कि चोरी के इरादे से हत्या नहीं की गई है।

    महिला के कानों में कुंडल सुरक्षित हैं, घर का सामान भी एकदम सही था। परिवार के देवर व जेठ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। महिला की बेटी के ससुरालियों को भी बुलाया गया है। बेटी की मौत चार साल पहले हुई थी, उसके बाद उसके ससुरालियों से दहेज हत्या का मुकदमा भी चल रहा था जिसकी पैरवी महिला ही कर रही थी।

    बचाव का भी मौका नहीं मिला

    महिला का शव सीधी हालत में मिला, यानी चेहरा ऊपर की ओर था, एक हाथ चेहरे पर रखा था। शरीर चादर से ढका था, केवल चेहरा खुला था। हालात बता रहे हैं कि सोते समय ही चेहरा और सिर पर वार किया गया है। पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने किसी तरह की रात में आवाज भी नहीं सुनी।

    यह भी पढ़ें- जालौन में गैंग्सटर एक्ट के दो दोषियों को पांच-पांच साल की सजा, 2023 में हुई थी गिरफ्तारी