बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने यूपी में आगे के सभी कार्यक्रम किए रद, पटना लौटे
बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने जालौन में बिना अनुमति प्रदर्शन के बाद अपने यूपी के आगे के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और पटना लौट गए।
HighLights
मुकेश सहनी ने जालौन में बिना अनुमति किया प्रदर्शन।
पूर्व मंत्री सहित 84 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा।
यूपी के आगे के सभी कार्यक्रम रद्द कर पटना लौटे।
जागरण संवाददाता, जालौन। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बिना अनुमति प्रदर्शन और हंगामा करने के मामले में विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के सुप्रीमो एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी समेत 84 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद आगे का कार्यक्रम रद कर पूर्व मंत्री पटना लौट गए। फोन पर हुई बातचीत में बताया कि वह उरई आएंगे और गांव-गांव भ्रमण भी होगा।
उसके लिए तारीख आगे तय की जाएगी। विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार प्रांत के पूर्व एमएलसी मुकेश सहनी सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपनी संकल्प यात्रा लेकर कार से जनपद पहुंचे थे।
यह आयोजन शहर के होटल जायसवाल टावर में था। पहुंचने पर जानकारी हुई कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली है। इससे नाराज हो कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपने कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने गोविंद वल्लभ पंत की प्रतिमा स्थल पर धरना दिया और नारेबाजी की थी।
उनके इस कदम पर जेल चौकी प्रभारी विवेक मिश्रा ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर पूर्व मंत्री सहित आठ नामजद, 70 अज्ञात व छह निजी सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, नारेबाजी, भाषण से वहां आए फरियादियों को दिक्कत आदि के मामले में मुकदमा दर्ज करा दिया था।
मामले में मुकेश सहनी का कहना था कि उनकी पार्टी की ओर से अनुमति मांगा गई थी जिसे बिना कारण रद किया गया। सोमवार रात को यहां से फिर वह पटना के लिए निकल गए। उनकी पार्टी के सेंट्रल मीडिया प्रभारी दिनेश सहनी ने बताया कि पहले उरई के बाद गोरखपुर क्षेत्र में संकल्प यात्रा का कार्यक्रम था, लेकिन अब इसे रद कर दिया गया है।
पटना से लौटने के बाद पूर्व मंत्री की ओर से जो तारीख तय होगी उसमें उरई का दौरा फिर करेंगे। वहां के बाद गोरखपुर की ओर संकल्प यात्रा जाएगी। मुकेश सहनी ने कहा कि सोमवार को जो भी हुआ वह ठीक नहीं रहा, उनकी व पार्टी की ओर से किसी तरह के नियमों को नहीं तोड़ा गया था।
