यूपी के इस शहर में 80 करोड़ की लागत से राजकीय भेड़ और बकरी प्रजनन केंद्र का होगा पुनर्निर्माण
उरई के बोहदपुरा स्थित पशुपालन विभाग के भेड़ एवं बकरी प्रजनन केंद्र का 80 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण होगा, जिसमें प्रशिक्षण केंद्र, आवास और आधुनिक शेड शामिल हैं।

HighLights
उरई के प्रजनन केंद्र का 80 करोड़ से होगा पुनर्निर्माण।
प्रशिक्षण केंद्र, आवास, लैब और आधुनिक शेड बनेंगे।
सीएंड डीएस ने सर्वे किया, जल्द शुरू होगा कार्य।
जागरण संवाददाता, उरई। शहर के समीप ही बोहदपुरा में स्थित पशुपालन विभाग के भेड़ एवं बकरी प्रजनन केंद्र की हालत में अब जल्दी ही सुधार हो जाएगा। इसके पुनर्निर्माण का समय नजदीक आ चुका है।
यहां पर 80 करोड़ की लागत से प्रशिक्षण केंद्र व आवास सहित अन्य आवश्यक निर्माण कराए जाने के लिए हरी झंडी मिल चुकी है। कार्यदायी संस्था सीएंड डीएस ने सर्वे भी कर लिया है। प्रशिक्षण केंद्र व आवास बन जाने से विभाग की एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा।
भेड़ एवं बकरी प्रजनन केंद्र में अभी इतनी अधिक सुविधाएं नहीं हैं। हालांकि विभाग ने व्यवस्था को बनाए रखने के लिए काफी प्रयास किए हैं। केंद्र में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विभाग ने कुछ निर्माण कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसमें एक दो मंजिल का प्रशिक्षण केंद्र, 18 स्टाफ आवास, एक लैब और दो सौ बकरियों के लिए एक आधुनिक शेड।
प्रशिक्षण केंद्र बनने का लाभ यह होगा कि विभागीय सभी प्रशिक्षण इसी में हो सकेंगे। किसी दूसरे विभाग के प्रशिक्षण केंद्र में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। आवास बन जाने से चिकित्सकों को रुकने की सुविधा हो जाएगी। विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन स्तर से हरी झंडी मिल चुकी है।
निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएंड डीएस को दी गई है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने केंद्र का सर्वे कर लिया है। उम्मीद है कि जल्दी ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट 80 करोड़ की लागत का है।
इसके बन जाने से विभाग की बहुत सी समस्याओं का निराकरण हो जाएगा। प्रजनन केंद्र में एक कार्यालय का निर्माण कराया जाना भी प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था ने कहा है कि जल्दी ही कार्य शुरू कराया जाएगा ताकि उसको समय से पूरा कराया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।