उरई में भाजपाइयों को थाने में कराया नागिन डांस, रामपुरा थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
रामपुरा थानाध्यक्ष शिवप्रकाश सिंह को भाजपा कार्यकर्ताओं से अभद्रता, नागिन डांस कराने और सीमेंट मांगने के आरोप में लाइन हाजिर ...और पढ़ें
-1790076941725_m.webp)
HighLights
रामपुरा थानाध्यक्ष शिवप्रकाश सिंह को लाइन हाजिर किया गया।
भाजपाइयों से थाने में नागिन डांस कराने का आरोप था।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही भी एक वजह रही।
जागरण संवाददाता, उरई। भाजपा के रामपुरा मंडल अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ताओं की ओर से कमरा बंद कर थाने में अभद्रता करने और नागिन डांस कराने व बीस बोरी सीमेंट मांगने के आरोप पर एसपी ने रामपुरा थानाध्यक्ष को मंगलवार को लाइन हाजिर कर दिया। इन पर पहले भी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही की शिकायत हुई थी, जिसकी एसपी जांच करा रहे थे।
रामपुरा थानाध्यक्ष शिवप्रकाश सिंह के खिलाफ दस दिन पहले कुछ लोगों ने एसपी से शिकायत की थी कि वह जनता की शिकायत निस्तारण में लापरवाही बरत रहे हैं। लोगों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं। पुलिस अधीक्षक ने इसका संज्ञान लेकर माधौगढ़ सीओ अंबुज यादव को जांच सौंपी थी। इस दौरान लोगों के बयान में आरोप सही पाए गए। इस मामले में कार्रवाई हो पाती कि इससे पहले 18 सितंबर की रात को थानाध्यक्ष ने भाजपाइयों के साथ अभद्रता कर दी।
रामपुरा क्षेत्र के जायघा में भाजपा के पूर्व शक्ति केंद्र संयोजक दिनेश मिश्रा ने बताया कि उनके यहां काम करने वाले एक लड़के को बिना वजह थानाध्यक्ष ने पकड़ लिया था। वह उसे छुड़ाने गए थे। वहां थानाध्यक्ष शिवप्रकाश ने उन्हें कमरे में बुलाया और कहा कि नागिन डांस कर लेते हो। ना कहने पर वह डांस करके बताने लगे और कहा-इसी तरह से डांस करो।
मना किया तो चार फटका मारे। वहां पहले से मौजूद भाजपा रामपुरा मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापति को भी डांस कराया। इस मामले की मंडल अध्यक्ष की ओर से एसपी को शिकायत की गई थी। सीओ ने इसकी भी जांच की। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने आरोपित रामपुरा थानाध्यक्ष शिवप्रकाश को लाइन हाजिर कर दिया। ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि पहले भी उनकी कई शिकायतें थीं जिनका भी संज्ञान लेकर लाइन हाजिर किया गया है।
मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापति ने बताया कि हम लोग गणेश पंडाल सजाते हैं, विसर्जन के लिए रूट तय करने को थानाध्यक्ष ने बुलाया था और बिना कारण गाली देने लगे, बाद में जबरन डांस कराया। भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने बताया कि दिनेश मिश्रा जायघा के पूर्व शक्ति संयोजक रहे हैं, वर्तमान में कोई पद नहीं है। मामले की जानकारी उन्हें मिली थी।
