यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बदबूदार सांसें व दांतों में दर्द हो सकते हैं पायरिया के लक्षण
दैनिक जागरण के हैलो डाक्टर कार्यक्रम में बुधवार को मेहमान रहे दंत रोग विशेषज्ञ डाक्टर ...और पढ़ें

दैनिक जागरण के हैलो डाक्टर कार्यक्रम में बुधवार को मेहमान रहे दंत रोग विशेषज्ञ डाक्टर देवव्रत उपाध्याय। इनसे पाठकों ने पायरिया, दांत में पानी, कीड़ा लगने, छाला, टेड़े-मेढ़े दांतों, मुख में गांठ, छाला आदि समस्याओं से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने संजीदगी से प्रश्नों का उत्तर दिया। कहा कि मुंह की सफाई में बरती जाने वाली लापरवाही के कारण दांत संबंधी समस्याएं होती हैं। दांतों पर पीली परत जमने से लेकर ठंडा-गरम लगने व बदबूदार सांसें सब इसी की देन हैं, जो आगे चलकर पायरिया का कारण बनते हैं। दांतों और मसूड़े को हमेशा साफ रखने की नसीहत दी। साथ ही सुबह व रात में ब्रश करने की आदत को दिनचर्या में शामिल करने को कहा। प्रस्तुत है प्रमुख सवाल व उनके जवाब..।
सवाल: दांतों से खून आता है। दर्द भी होता है। पायरिया की शिकायत लगती है। क्या करना चाहिए?
जवाब: पायरिया लापरवाही की देन है। मुख की ठीक से सफाई रखेंगे तो कोई दिक्कत नहीं होगी। दांत व मसूड़ों के बीच फंसने वाली गंदगी से यह होता है। आगे चलकर हड्डियां तक गलने लगती हैं। चिकित्सक से मुंह की सफाई कराएं तथा पूरा इलाज लें।
सवाल: बच्चे के दांत पीले हो गए हैं, कीड़ा भी लग गया है। ऐसे में क्या करें?
जवाब: बच्चे सही तरह से ब्रश नहीं करा पाते हैं। फास्ट फूड के अधिक सेवन से भी दांत पीले होते हैं। दिन में दो बार, सुबह और रात में ब्रश कराएं। रात में दूध पिलाने के बाद मुख को पानी से अवश्य साफ कराएं।
सवाल: बच्चे के दांत टेढे़ हैं। इसके लिए क्या करना चाहिए?
जवाब: बच्चों में यह समस्या तेजी से बढ़ रही है। दूध के दांत को टूटने से बचाएं। हर उम्र के लोगों के टेढे-मेढ़े दांत का इलाज है। विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करें।
सवाल: मुंह में अक्सर छाले निकल आ रहे हैं, कहीं यह कैंसर तो नहीं ?
जवाब: हर छाला कैंसर नहीं होता। एक सप्ताह तक दवा लेने के बाद आराम न मिलने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
सवाल: मेरी बेटी का दांत टूट गया है। सही करने का क्या उपाय है।
जवाब: किसी घटना में अगर दांत निकल जाए या टूट जाए तो उसे 48 घंटे के अंदर सुरक्षित लेकर चिकित्सक के पास जाएं। निकले हुए को दांत को सुगमता से लगा दिया जाता है, जबकि टूटे दांत जोड़े जाते हैं।
खबरें और भी
सवाल: मेरा बेटा तुतलाता है, इसका क्या उपचार है?
जवाब: जीभ का तागा बढ़ने के कारण बच्चे तुतलाते हैं। ऐसे बच्चों का आठ साल के अंदर सर्जरी कर ठीक कर दिया जाता है।
इन्होंने पूछे सवाल:
सेजल बड़ी मस्जिद, आनंद सिकरारा, चंदन जायसवाल पिलकिछा, राम बचन प्रजापति सुजानगंज, लालू प्रसाद गिरि उदयचंदपुर, अमित तिवारी लखौंवा, पंडित लालचंद शर्मा बदलापुर, लालचंद्र अग्रहरि शाहपुर आदि।