इंटर्न डॉक्टरों ने 30 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग को लेकर खटखटाया जौनपुर डीएम का दरवाजा
जौनपुर के उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों ने मासिक मानदेय 30 हजार रुपये करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अन्य राज ...और पढ़ें

जौनपुर में इंटर्न डॉक्टरों ने मानदेय वृद्धि के लिए डीएम को सौंपा ज्ञापन।
HighLights
इंटर्न डॉक्टरों ने जिलाधिकारी को मासिक मानदेय वृद्धि हेतु ज्ञापन सौंपा।
अन्य राजकीय मेडिकल कॉलेजों के समान 30 हजार रुपये मानदेय की मांग।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को ज्ञापन भेजने का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के इंटर्न डॉक्टरों ने मंगलवार को मासिक मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी डॉ. सैमुअल पॉल एन को ज्ञापन सौंपा। इंटर्न डॉक्टरों ने प्रदेश के अन्य राजकीय मेडिकल कॉलेजों के बराबर 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि समान कार्य करने के बावजूद उन्हें अपेक्षाकृत कम मानदेय मिल रहा है।
ज्ञापन में इंटर्न डॉक्टरों ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान वे अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी, वार्ड, एवं अन्य विभागों में नियमित सेवाएं देते हैं। कई बार लगातार रात्रिकालीन ड्यूटी और आपातकालीन सेवाओं का दायित्व भी निभाना पड़ता है। इसके बावजूद वर्तमान मानदेय उनके कार्यभार और बढ़ती महंगाई के अनुरूप नहीं है।
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि प्रदेश के कई सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न को 30 हजार रुपये या उससे अधिक मानदेय दिया जा रहा है, जबकि जौनपुर मेडिकल कॉलेज के इंटर्न इससे वंचित हैं। उन्होंने समान कार्य के लिए समान मानदेय लागू करने की मांग करते हुए शासन से इस विसंगति को दूर करने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी डॉ. सैमुअल पॉल एन ने इंटर्न डॉक्टरों का ज्ञापन प्राप्त कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि ज्ञापन को नियमानुसार संबंधित विभाग और शासन को भेजा जाएगा, ताकि मांग पर आवश्यक स्तर पर विचार किया जा सके।
खबरें और भी
इंटर्न डॉक्टरों ने कहा कि उनकी मांग केवल मानदेय बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत इंटर्न के लिए समान व्यवस्था लागू करने की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर जौनपुर मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों को भी अन्य मेडिकल कॉलेजों के समान मानदेय का लाभ देगा।