मल्हनी विधायक का रिपोर्ट कार्ड : महत्वपूर्ण समस्याओं की रपटीली राहों पर ठिठका विकास का पहिया
मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में विकास की धीमी गति पर विधायक लकी यादव का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया है, जिसमें ...और पढ़ें

मल्हनी विधायक लकी यादव का रिपोर्ट कार्ड: विकास की राह में चुनौतियां और आरोप।
HighLights
मल्हनी में क्षतिग्रस्त सड़कें, जर्जर बिजली आपूर्ति बड़ी समस्या।
विधायक लकी यादव ने कुछ सड़क, विद्युतीकरण कार्य कराए।
विपक्षी, जनता विकास कार्यों में ठहराव पर उठा रहे सवाल।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। क्षेत्र के क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग, जर्जर बिजली आपूर्ति व्यवस्था, स्तरीय उच्च शिक्षण संस्थानों की कमी, उद्योग शून्यता की स्थिति साफ बयां कर रही है कि मल्हनी विधानसभा क्षेत्र अभी विकास के ककहरे से भी कोसों दूर है। मल्हनी के मौजूदा सपा विधायक लकी यादव के इस कार्यकाल में उटरुकला गांव से रेलवे अंडर पास तक 527 मीटर सड़क का निर्माण कार्य निर्माणाधीन है।
मई बैजारामपुर मार्ग से मंगरेसर गांव तक 250 मीटर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना से आच्छादित चकपनिगासन केवट बस्ती तक 900 मीटर पिच सड़क सहित तमाम जनहित के कार्य किए गए हैं। जौनपुर नगर पालिका की सीमा से शुरू जिला मुख्यालय के सर्वाधिक करीब होने के बावजूद मल्हनी विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में बिल्कुल पिछड़ा हुआ है।
बताने के लिए कोई ऐसा बड़ा काम नहीं है। 2022 में दो करोड़ रुपये से 65 गांवों का विद्युतीकरण उनके प्रमुख कामों में से एक है। इसके इतर विधायक मल्हनी मार्केट व नौपेड़वां को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग सदन में उठाते रहे हैं। विधायक लकी यादव विकास में अड़चन का ठीकरा गाहे-बगाहे भाजपा सरकार के सिर पर फोड़ते रहे हैं।
कहते रहे कि कई सड़कों का चयन व प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजा गया है, लेकिन कुछ हुआ नहीं। सड़ेरी घाट गोमती नदी पर पुल बनाए जाने हेतु कई बार पत्र लिखने का दावा करते रहे, लेकिन कोई प्रगति नहीं हुई है। अलबत्ता राज्य सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों ने जरूर सड़ेरी घाट के मौका मुआयने का कोरम पूरा किया, लेकिन बात धरी की धरी रह गई। इस पूरे क्षेत्र के जर्जर संपर्क मार्ग, लुंजपुंज विद्युतापूर्ति व्यवस्था, शुद्ध पेयजल किल्लत, रोजी रोजगार के लिए औद्योगिक इकाइयों का सर्वथा अभाव कुल मिलाकर मल्हनी क्षेत्र की ऐसी तस्वीर पेश कर रहे हैं जहां विकास की लोग बाट जोह रहे हैं।
बोले विधायक
लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत बात यह होती है कि चुनाव के बाद चुनी गई सरकार पूरे प्रदेश की होती है, न कि किसी एक राजनीतिक दल की, लेकिन दुर्भाग्य से मेरे विधानसभा क्षेत्र मल्हनी के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। मैने मल्हनी विधानसभा के विकास हेतु पीडब्ल्यूडी विभाग को वित्तीय वर्ष 2026-27 में नई सड़कों के निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजा था। इसमें विभाग द्वारा 35 सड़कों का चयन कर जिनकी अनुमानित लागत लगभग 22 करोड़ 66 लाख रुपए प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु पीडब्ल्यूडी विभाग के हेड क्वार्टर भेजा गया है।
परन्तु विपक्ष का विधायक होने के कारण मेरे विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को सरकार ने बिना किसी ठोस कारण के रोक कर रखा गया है। जनता के हक और विकास को राजनीतिक द्वेष की भेंट नहीं चढ़ाया जाना चाहिए। सड़ेरी घाट गोमती नदी पर पुल बनाए जाने हेतु कई बार पत्र लिखने पर कोई प्रगति नहीं हुई। विधान सभा में उठाने के बाद राज्य सेतु निर्माण निगम के अभियंता द्वारा बीते जून माह में सड़ेरी घाट पर जाकर मौका मुआयना किया गया लेकिन अभी तक आगे की कुछ जानकारी नहीं दी गई है। सड़ेरी बैजारामपुर घाट पर पुल का निर्माण न हो पाने का मलाल है। - लकी यादव विधायक मल्हनी
बोले रनरअप
इस विधान सभा में पिछले 15 वर्षों से समाजवादी पार्टी से एक ही परिवार के प्रतिनिधि हैं, लेकिन दुर्भाग्य है कि यह लोग तीन पंचवर्षीय योजना में इस विधानसभा में एक भी बड़ी परियोजना लाने में नाकाम रहे। सरकार पर सौतेला व्यवहार का आरोप लगाकर अपनी नाकामियों को दूसरे पर थोपने का झूठा प्रयास करते हैं। रारी विधायक के रूप में सत्ता के खिलाफ मैं भी रहा।
मैने अपने कार्यकाल में बक्शा में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना, सौ बेड अस्पताल निर्माण हेतु मैने दो एकड़ जमीन सरकार दिया, चांदपुर और बेलापार जैसे गांवों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करवाया। मुख्यमत्री की घोषणा पर निषादराज विद्यालय को सही स्थान पर बनवाया। वर्ष 2009 में रारी विधानसभा के उपचुनाव के दौरान रिंगरोड का प्रस्ताव दिया गया था जिसपर कार्य शुरू हो गया। जो कार्य वर्तमान विधायक को करना चाहिए वो काम मुझे करना पड़ रहा है। - धनंजय सिंह, रनरअप-2022, निर्दल।
बोली जनता
मल्हनी विधायक सर्वसुलभ हैं। जनता के बीच उपलब्ध रहते हैं। विधायक ने विधानसभा में कई सड़क निर्माण एवं बिजली के लिए तमाम कार्य किए हैं। वह क्षेत्र में विकास को लेकर न सिर्फ सक्रिय रहते हैं बल्कि विधानसभा में भी यहां के मामलों को पूरजोर तरीके से उठाते रहे हैं। - सतीश कुमार यादव, बिल्डिंग व्यवसायी सड़ेरी
मल्हनी विधानसभा क्षेत्र का दुर्भाग्य रहा है कि अधिकांश बार सत्ता से दूर रहने के कारण मल्हनी का समुचित विकास नही हो सका। अगल-बगल के विधानसभा के विकास की स्थिति देखी जा संकती है। विधान सभा क्षेत्र विकास से काफी दूर है। फिलहाल यहां विकास की महती जरूरत है। - जटाशंकर दुबे, पाण्डव सुल्तानपुर
मल्हनी में विकास कार्य कहां हुआ यह तो ढूंढना पड़ेगा। यहां विकास से जुडी हुई एक भी योजना विधायक धरातल पर नहीं उतार सके हैं। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए वह सरकार पर आरोप लगाकर आसानी से पल्ला झाड़ लेते हैं। - पेशकार सिंह, ताहिरपुर
मेरी नजर में मल्हनी का विकास कार्य न के बराबर दिख रहा है। जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान भी नहीं हो पाया। मल्हनी में कोई विकास नहीं हो सका यह क्षेत्र की जनता का दुर्भाग्य है। - इंदर लाल, गोपालपुर
---------------------
मल्हनी विधानसभा
कुल मतदाता 3, 79, 379
पुरुष मतदाता 1, 80, 425
महिला मतदाता 1, 65, 414
