बदलापुर विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड : विकास ने तो पकड़ी रफ्तार, अब सपना पूरा होने का इंतजार
बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्यों में मजबूत दिखता है, जिसमें सड़क, पुल और स्वास्थ्य सुविधाओं में ...और पढ़ें

बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र का कार्यकाल: विकास की रफ्तार और अधूरे वादों की चुनौती।
HighLights
सड़क, पुल, स्वास्थ्य में विधायक रमेशचंद्र मिश्र का मजबूत रिपोर्ट कार्ड।
बदलापुर को जिला बनाने, मंडी स्थापित करने के वादे अभी अधूरे।
जनता विकास से संतुष्ट, पर गुणवत्ता और भ्रष्टाचार पर सवाल।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। विधानसभा चुनाव 2022 के बाद साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्यों के लिहाज से मजबूत नजर आता है। सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति और गति मिली है। हालांकि कुछ प्रमुख मांगें अब भी पूरी नहीं हो सकी हैं। अब उन सपनों के पूरा होने का इंतजार है।
विधायक की बड़ी उपलब्धियों में बक्शा - लोहिंदा -बंधवा मार्ग, सिंगरामऊ- मिश्रौली- रताशी मार्ग, सिंगरामऊ-लालगंज गौरामाफी मार्ग, पूरालाल-गद्दोपुर- बैहारी, बाबूगंज-बेलवार मार्ग का निर्माण, रेलवे क्रासिंग 23 सी भलुआहीं पर आरओबी निर्माण, सई नदी पर केवटली गांव में कारोबीर घाट पर पुल, कल्याणपुर में बोझनाथ घाट पर निर्माणाधीन पुल है। इसके अलावा पीली नदी पर रारी-अगरौरा व डेहुड़ा में पुल निर्माण के लिए धन स्वीकृति है। ग्रामीण क्षेत्रों में सीसी सड़क, इंटरलाकिंग और नाली निर्माण से गांवों की तस्वीर बदली है।
स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में महराजगंज में 50 बेड का अस्पताल निर्माण, विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए नौरंगाबाद में पावर हाउस का निर्माण, बाबूगंज में उपकेंद्र निर्माण के लिए धन की स्वीकृति के साथ-साथ ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि को भी उपलब्धि माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बदलापुर महोत्सव के आयोजन में विधायक की सक्रियता दिखी है।
हालांकि बदलापुर को जिला बनाए जाने, फल, अनाज एवं सब्जी मंडी की स्थापना का वादा अभी तक पूरा नहीं हो सका है। मिरशादपुर-तेजी बाजार-कंधी मार्ग, दुगौली कला-मरगूपुर गांव के मध्य पीली नदी पर पुल जैसी कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अभी अंतिम स्वीकृति का इंतजार है। क्षेत्र में उद्योग एवं रोजगार के नए अवसरों को लेकर भी लोगों की अपेक्षाएं बनी हुई हैं।
कुछ बड़े वादों के अधूरे रहने से जनता की उम्मीदें अभी भी कायम हैं। विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने सदन में अपने भाषण में बदलापुर को संतृप्त बताया था। उनका यह बयान जहां लंबे समय तक चर्चाओं में रहा वहीं विपक्ष इस बयान पर काफी दिनों तक हमलावर रहा। पिछले कार्यकाल में बना रोडवेज बस अड्डा आज भी पहुंच मार्ग संकरा होने के कारण पूरी तरह संचालित नहीं हो सका है। यहां इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन का भी प्रस्तावित है। सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव बना शासन को भेज दिया गया है, जिसके स्वीकृति का अभी इंतजार है। ऐसे में उनका रिपोर्ट कार्ड विकास में मजबूत, अधूरे वादों पर अभी परीक्षा बाकी की तस्वीर प्रस्तुत करता है।
बोले विधायक
बदलापुर को आदर्श विधानसभा बनाना मेरा लक्ष्य है। यह धरातल पर दिख भी रहा है। इसके अलावा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सदन में उठाए गए अधिकांश प्रस्ताव अब धरातल पर उतरने की दिशा में बढ़ चुके हैं। कलिंजरा-तेजीबाजार-कंधी, मसनपुर-नौपेड़वा तथा राजाबाजार-कठार से प्रतापगढ़ सीमा तक सड़क निर्माण के साथ दुगौली कला-मरगूपुर के बीच पीली नदी पर सेतु निर्माण की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।
शीघ्र ही धन स्वीकृत कराकर कार्य शुरू कराया जाएगा। बदलापुर को जिला बनाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। परिसीमन के बाद इसे जिला बनाए जाने की पूरी उम्मीद है। फल, अनाज एवं सब्जी मंडी की स्थापना के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बछुआर स्थित औद्योगिक भूमि खाली हो गई है, जहां उद्योग स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता है। -रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक बदलापुर।
बोले रनरअप
विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद यहां जमीनी हकीकत अलग नजर आती है। जनता से सीधे जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य अब भी अधूरे हैं या अपेक्षित गति से पूरे नहीं हो सके हैं। बदलापुर क्रासिंग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर लंबे समय से लोगों के लिए सुविधा की बजाय परेशानी का कारण बना हुआ है। बदलापुर का बस अड्डा भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने का आरोप झेल रहा है। यहां कार्य किस तरह कराए जा रहे हैं और उसका फायदा किस तरह लिया जा रहा है यह किसी से छिपा नहीं है। विकास कार्य केवल भाषणों तक सीमित हैं। - ओमप्रकाश दुबे बाबा (सपा) रनरअप
बोली जनता
विधानसभा क्षेत्र में पिछली सरकारों की तुलना में विकास कार्य अधिक हुए हैं। इसका असर भी दिखाई देता है। हालांकि विकास कार्यों की गुणवत्ता व पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली में सुधार की जरूरत है। जनप्रतिनिधियों को चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल में समस्याएं सुननी चाहिए। - मनोज सिंह, बर्रैया, सिंगरामऊ।
विकास कार्यों को गति देने कार्य तो किया गया है। यह दिख भी रहा है। सड़क, पुल व अन्य योजनाओं का लाभ लोगों को मिला है। यदि बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो जाए और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगे तो यह कार्यकाल और बेहतर माना जाएगा। - संजय तिवारी, घनश्यामपुर।
विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल व अन्य विकास योजनाओं का लाभ लोगों को मिला है। हालांकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में और सुधार की जरूरत है। साथ ही सब्जी मंडी की स्थापना किए जाने की मांग अब तक पूरी न होना क्षेत्रवासियों में बड़ी निराशा है।- नन्हें लाल मौर्य, सब्जी मंडी बदलापुर।
विधानसभा क्षेत्र में कार्य तो हुए हैं। विशेषकर बदलापुर खुर्द के चकरिहवा घाट पर पीली नदी पर पुल बनने से वर्षों पुरानी समस्या दूर हुई है। अब रारी-अगरौरा पुल की स्वीकृति भी स्वागतयोग्य है। भ्रष्टाचार पर रोक लगाए जाने को लेकर भी कार्य करना होगा। - सुनील जायसवाल, व्यापारी बदलापुर खुर्द।
बदलापुर विधानसभा क्षेत्र
विधानसभा में कुल मतदाता 330,434
177,339 पुरुष मतदाता
महिला मतदाता 153,095
