मछलीशहर विधायक का रिपोर्ट कार्ड : सदन में गूंजी आवाज, यहां अधूरे रहे बड़े कामकाज
मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर का रिपोर्ट कार्ड दर्शाता है कि सदन में उनकी सक्रियता के बावजूद क्षेत्र में बड़े ...और पढ़ें

मछलीशहर विधायक का रिपोर्ट कार्ड: सदन में सक्रियता, क्षेत्र में विकास की धीमी रफ्तार।
HighLights
विधायक रागिनी सोनकर सदन में मुखर रहीं, विकास कार्य अधूरे।
सड़क, बिजली, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में कमी।
कुछ सड़कों का नवीनीकरण, सोलर लाइटें लगवाई गईं।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। जिला मुख्यालय से प्रयागराज की तरफ 18 किलोमीटर पश्चिम जौनपुर रायबरेली हाइवे से मछलीशहर विधानसभा की शुरुआत हो जाती है। इस सीट पर तीन बार हुए चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी का ही कब्जा बरकरार है। मछलीशहर विधानसभा से पिछले चुनाव की विजेता समाजवादी पार्टी की विधायक डा. रागिनी सोनकर ने विधानसभा में एक मुखर विधायक के रूप में अपनी पहचान बनाई।
सदन में तो उनकी आवाज तो खूब गूंजी लेकिन, क्षेत्र में विकास के नाम पर ऐसा कुछ नहीं हो पाया जिससे क्षेत्र की अलग पहचान बन पाती। मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आंख अस्पताल का निर्माण भी अभीतक पूर्ण नहीं हो सका है। मछलीशहर से कटाहित खास मोड़ तक तीन किलोमीटर सड़क तो दशरथपुर गांव से समाधागंज बाजार को जोड़ने वाली सड़क के क्षतिग्रस्त होने की वजह से स्थानीय लोगों व मुसाफिरों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
इतना ही नहीं अधिकांश स्थानों पर ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि नहीं हो पाने की वजह से लो-वोल्टेज की समस्या है तो अनापुर व कोठारी सहित अन्य कुछ गांवों में भी अभीतक बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है। बरसठी, मीरगंज, कसेरवा सहित अन्य पीएचसी पर विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। अभी भी ईलाज के लिए मरीजों को लगभग 15 से 20 किमी की दूरी तय कर मछलीशहर सीएचसी आना पड़ता है।
समस्याओं के समाधान के लिए आस तो जगाई गई, लेकिन इनके पूरे नहीं होने से जनता को मलाल है। हालांकि इस कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र की दो सौ सड़कों का नवीनीकरण कराया गया। बरसठी और मडियाहूं ब्लाक की लगभग सौ छोटी बड़ी सड़कों का निर्माण कार्य किया गया है। नौ करोड़ 34 लाख से विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में सोलर स्ट्रीट लाइट के साथ ही हाई मास्ट लाइटें लगवाई गई। साथ ही 99 लाख से 19 सोलर पैनल के अलावा 26 लाख से सीएचसी बरसठी में आक्सीजन प्लांट लगवाया गया। 31 ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण पर 41 लाख रुपये खर्च कराने के साथ ही आवागमन आसान करने के लिए जगह-जगह इंटरलाकिंग समेत अन्य प्रमुख कार्य भी हुए हैं।
बोलीं विधायक
मैनें सदन में मछलीशहर के खोईरी, बडेरी, उतराई, गोहका इंटर कालेज सहित विधानसभा क्षेत्र में इंटर कालेज में साइंस की पढ़ाई नहीं होने का मुद्दा उठाया था। इंटर कालेज में प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हुए हैं। उसमें कितनी जगह खाली पड़ी हुई है। ग्रुप डी के पद खाली पड़े हुए हैं उन पर भर्ती की मांग की। विपक्ष के विधायक को विकास कार्यों के लिए कितनी धनराशि दी जाती है यह जगजाहिर है। बावजूद इसके विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी संसाधनों को दुरुस्त कराए गए। विधानसभा क्षेत्र के सीएचसी परिसर में आधुनिक आंख अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क नवीनीकरण व मरम्मत का बजट नहीं मिल पाने से कुछ सडकें अधूरी हैं। ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए उम्मीद के मुताबिक काम नहीं हो सका। इन सबको धरातल पर उतारने के लिए बहुत कुछ सोच रखा है, जो आगे दिखाई देगा। - रागिनी सोनकर, विधायक मछलीशहर, सपा।
बोले रनरअप
सपा विधायक ने अपने पूरे कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र के लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया। क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य नहीं किया गया है। उन्हें अपनी विधानसभा क्षेत्र से ज्यादा दूसरे विधानसभा क्षेत्र की चिंता रहती है। वह सिर्फ आरोप प्रत्यारोप का कार्य करती हैं। विकास कार्य कोसों दूर है। विकास में उत्तर प्रदेश जहां अन्य प्रदेशों के मुकाबले तेजी से बढ़ रहा है वहीं मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र वैसे ही पिछड़ रहा। आरोप-प्रत्यारोप की बजाय यदि विधानसभा क्षेत्र के विकास में ध्यान दिया गया होता तो आज यह स्थिति नहीं रहती। - मेहीलाल गौतम, रनरअप-2022, भाजपा।
बोली जनता
अभी दो माह पूर्व विधायक के सहयोग से आनापुर-रामनगर सड़क का नवीनीकरण कार्य हुआ है। ऐसे ही अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं। विकास एक सतत प्रक्रिया है, जो हो रहा है। किसी भी बदलाव में समय जरूर लगता है। फिलहाल स्थिति बदल रही है। - सुरेंद्र यादव, चिकित्सक, कुरनी।
विपक्ष के विधायक सिर्फ नाम का विकास कार्य कर पाते हैं। विकास कार्य को लेकर सदन में विधायक का लगातार प्रयास दिखाई दे देता है। हालांकि विधानसभा क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। थोड़ा प्रयास करने से स्थिति में और सुधार लाया जा सकता है। - सोनू यादव, व्यवसायी, कायस्थाना।
विधायक हमारे क्षेत्र में कम ही पड़ती हैं। मेरा गांव विधानसभा के अंतिम सिरे के नजदीक होने के कारण विकास कार्यों से अभी काफी दूर है। यहां अभी बहुत कुछ होना है। वास्तविकता जानने के लिए ग्रामीणों से मिलने के साथ संवाद करना चाहिए, जिससे बदलाव आ सके। - प्रमोद मौर्य, किसान, कुढ़ा।
मछलीशहर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विधायक के प्रयास से आंख अस्पताल का निर्माण बड़ी सुविधा है। हालांकि अभी कई कार्य बाकी हैं। अब आवश्यक है कि इसके जल्द से जल्द संचालन पर जोर दिया जाय, जिससे जनता को इसका लाभ मिल सके। -शमीम अहमद, व्यवसायी, कोतवाली मोहल्ला।
मछलीशहर विधानसभा
3,65,941 कुल मतदाता
पुरुष मतदाता 1,97,727
महिला मतदाता 1,68,201
