विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगराबादशाहपुर विधायक का रिपोर्ट कार्ड : बुनियादी सुविधाएं सुलझाने में विधायक के बीत रहे पांच वर्ष

By Amardeep Srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 05 Sep 2026 06:23 PM (IST)

मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल ने अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया, जिसमें बुनियादी सुविधाओं पर फोकस ...और पढ़ें

मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल का कार्यकाल: विकास पर सवाल और उपलब्धियां।

मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल का कार्यकाल: विकास पर सवाल और उपलब्धियां।

HighLights

  1. विधायक पंकज पटेल ने बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित किया।

  2. 23 करोड़ रुपये के विकास कार्य गिनाए, विपक्ष ने नकारा।

  3. अधूरे पुल और औद्योगिक क्षेत्र की अनदेखी पर जनता नाराज।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार सपा से विधायक चुने गए पंकज पटेल अपने पूरे कार्यकाल में बुनियादी समस्याओं को सुलझाने में ही उलझकर रह गए। सम्प्रति यही बड़ी वजह है कि यह क्षेत्र विकास की रफ्तार के साथ कदमताल नहीं कर सका। हालांकि विधायक और उनके समर्थक अपेक्षित विकास न कर पाने का ठीकरा सरकार पर फोड़ते हुए गाहेबगाहे कहते रहे कि यहां विपक्ष का विधायक होने के कारण उनकी आवाज अनसुनी कर दी जाती है।

यहां सबसे अधिक सात करोड़ रुपये की लागत से 120 ग्राम पंचायतों में सीसी रोड का निर्माण कराया गया। इसके अलावा पांच सौ से अधिक स्थानों पर चार करोड़ रुपये से हाईमास्ट लाइटें स्थापित कराई गईं। करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च कर 600 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं। 20 ग्राम पंचायतों में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण कराया गया।

महापुरुषों के सम्मान में स्मारक द्वारों के निर्माण पर भी करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए। आगामी कार्ययोजना के तहत पांच करोड़ रुपये की लागत से और सीसी रोड का निर्माण, एक करोड़ रुपये से सोलर लाइटों की स्थापना तथा 30 ग्राम पंचायतों में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से ओपन जिम स्थापित कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

सदन में इन मुद्दों पर मुखर रहे विधायक

-क्षतिग्रस्त एवं जर्जर सड़कों की मरम्मत। नई सड़कों का निर्माण व चौड़ीकरण।
-जिला पंचायत के अधीन खराब सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत।
-सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना।
-लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान।
-होमगार्ड जवानों की संख्या में वृद्धि करना।
-अनुसूचित मजरों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण।
-जल निकासी व नालों की समय-समय पर सफाई।
-सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाया जाना।

- किसानों को समय से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना।
-नगर पंचायत में शामिल 21 गांवों को सभी शहरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
-निजी स्वास्थ्य संस्थानों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के शोषण पर रोक लगे।
-बेसिक विद्यालयों में छात्र एवं अध्यापकों की वास्तविक संख्या का आंकलन कर आवश्यक व्यवस्था की जाए तथा छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुसार शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
-कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
-होमगार्ड भर्ती में पूर्व सैनिकों एवं महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाए।
-स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित कर पलायन पर रोक लगाई जाए।
-बेरोजगारी दूर करने के लिए प्रभावी योजनाएं लागू की जाएं।
-पंचायत राज विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की अनुरक्षण नीति-2013 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाए।
-क्षेत्र को ग्रीनफील्ड सड़क योजना का लाभ प्रदान किया जाए।

बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर रहा मेरा पूरा फोकस: पंकज पटेल
जौनपुर: मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल ने विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा जारी करते हुए बताया कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक विधायक निधि व पूर्वांचल विकास निधि से लगभग 23 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। हमने क्षेत्र के विकास के लिए अनवरत प्रयास किया क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा सहित सभी बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ हो लगातार कोशिश किया। जनता की आवाज बनकर सदैव उनके साथ खड़ा रहा जातिपाति भेदभाव से ऊपर उठकर क्षेत्र का विकास कर रहा हूं।

अधूरा रह गया निर्माणाधीन पुल
2012 सपा सरकार के शासन काल में क्षेत्र पंचायत सुजानगंज से प्रस्तावित नारीपुर तिलहुआ के मध्य स्थित नाले पर पुल निर्माण का था। इसका शिलान्यास तत्कालीन कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव ने किया था। लोगों में आस जगी थी कि पुल के बन जाने से संबंधित क्षेत्र के लोगों की दूरी कम तय करनी पड़ेगी। पुल के निर्माण के नाम पर दोनों तरफ केवल खंभों का निर्माण कर छोड़ दिया गया।

पंकज पटेल इत्तफाकिया विधायक: अजय शंकर दुबे
जौनपुर: पिछले विधानसभा चुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे भाजपा प्रत्याशी अजय शंकर दुबे अज्जू भैया ने कहा कि पंकज पटेल इत्तफाकिया विधायक हैं। क्षेत्र की जनता ठगा महसूस कर रही है। क्षेत्र की समस्याओं से उनका कुछ लेना देना नहीं है। विधायक द्वारा किया गया विकास कार्य कहीं दिखाई नहीं देता है। हां उनका व्यक्तिगत विकास अवश्य जनता देख रही है।

बोली जनता
चुने हुए विधायक पर पूरे क्षेत्र की जिम्मेदारी होती है। वह चंद लोंगों का नेता नहीं होते हैं। इसके इतर विधायक सिर्फ कुछ लोंगो के नेता बनकर रह गए। - राकेश तिवारी, नीभापुर।

सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र के लोग भी चुनाव में मतदान करते हैं, लेकिन विधायक ने कभी भी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया न कभी उद्यमियों का कुशल क्षेम जानने की कोशिश की। -  गुलाब पांडेय, उद्यमी सतहरिया।

कार्यकाल बीतने को आ गया, लेकिन अभी तक मैंने अपने विधायक को देखा ही नहीं है। न ही उनका कहीं विकास कार्य दिखाई दे रहा है। ऐसे में समझा जा सकता है वह जनता जनार्दन के प्रति कितने जिम्मेदार हैं। - रामप्रकाश मिश्र, नारीपुर सुजानगंज।

हमारे विधायक का कार्यकाल संतोषजनक नहीं है। मेरे ही गांव को ले लिया जाए तो लाइट केवल पटेल बस्ती में लगाई गई है। जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा ऐसा करना उचित नहीं है। - राधेश्याम यादव, शेष नगर सुजानगंज।

मुंगराबादशाहपुर विधानसभा

------------------------------
कुल मतदाता: 4 लाख 11 हजार
पुरुष मतदाता: 1 लाख 90 हजार 221
महिला मतदाता: 1 लाख 63 हजार 793 6050