झांसी: बस स्टैंड से अमृतसर के सराफा व्यापारी का 5 करोड़ की नकदी और जेवर से भरा बैग गायब, जांच में जुटी पुलिस
झांसी के मऊरानीपुर बस स्टैंड पर अमृतसर के एक सराफा व्यापारी का लगभग 5 करोड़ रुपये का जेवर और नकदी ...और पढ़ें

अम्बेडकर तिराहा पर स्थित पुलिस चौकी के बाहर मऊरानीपुर सराफा असोसियेशन के अध्यक्ष औरअन्य व्यापारियों के साथ पीड़ित अमृतसर का व्यापारी व हेल्पर।
HighLights
अमृतसर के सराफा व्यापारी का बैग बस से चोरी हुआ।
बैग में करीब 5 करोड़ रुपये का सामान था।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, झांसी। शहर के बस स्टैण्ड पर अमृतसर के सराफा व्यापारी के जेवर और नकदी से भरा बैग गायब होने का मामला सामने आया है। व्यापारी के अनुसार बैग में करीब पाँच करोड़ रुपये का सामान था। छतरपुर से झाँसी जा रही बस के मऊरानीपुर पहुंचने के बाद बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही हड़कम्प मच गया। व्यापारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अमृतसर के जीटी रोड स्थित बी ब्लॉक कॉलनि निवासी गुरकीरत सिंह पुत्र हरप्रीत सिंह ने मऊरानीपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह सोने के जेवर तैयार करवाने और उन्हें विभिन्न राज्यों के शहरों में ऑर्डर पर बेचने का काम करते हैं। उनके साथ हेल्पर के रूप में अमृतसर का ही रहने वाला रामेश्वर काम करता है। बताया गया कि 21 अक्टूबर को दोनों जेवर लेकर अमृतसर से व्यापार के लिए निकले थे। सबसे पहले दिल्ली पहुँचे, जहाँ जेवर बेचने के बाद मध्य प्रदेश के सतना गए।
वहाँ से व्यापार करने के बाद पन्ना, बाँदा होते हुए छतरपुर पहुँचे। 28 अक्टूवर को छतरपुर में जेवर बेचने के बाद दोनों यात्री बस से बुधवार को अपराह्न लगभग 3.50 बजे झाँसी के लिए रवाना हुए। बताया गया कि शाम करीब 5.50 बजे बस मऊरानीपुर बस स्टैण्ड पहुँची। बस जैसे ही झाँसी जाने के लिए आगे बढ़ी, तो भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति सीट के ऊपर बनी जाली पर रखे जेवर व रुपयों से भरे बैग को उठाकर ले गये।
इस पर उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद बस रुक गई। कीर्ति ने बस में बैग की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के अनुसार बैग में 3 किलो 400 ग्राम के जेवर, 200 ग्राम पक्का सोना और 15 लाख रुपये नकद थे। उन्होंने गायब बैग में करीब पाँच करोड़ रुपये का सामान होने का दावा किया है। सूचना मिलने पर कोतवाल मुकेश सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने पीड़ित से जानकारी लेकर आसपास जाँच-पड़ताल की। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
अधिकतर ट्रेन और बस से किया सफर
पीड़ित ने बताया कि अमृतसर से वे पहले ट्रेन से दिल्ली पहुँचे थे, जहाँ जेवर बेचने के बाद लेनदेन किया। इसके बाद ट्रेन से सतना पहुँचे। आगे का सफर उन्होंने बस से किया। छतरपुर से झाँसी जाने के लिए भी बस में सवार हुए थे। मऊरानीपुर पहुँचने पर उन्हें जेवर और रुपये से भरा बैग गायब होने की जानकारी हुई।
4 साल से जेवर बेचने का काम कर रहा है कीर्ति
अमृतसर निवासी गुरकीरत सिंह ने बताया कि वह करीब चार साल से ऑर्डर पर जेवर तैयार करवाने का काम कर रहे हैं। उनके साथ रामेश्वर भी काम करता है। जेवर तैयार होने के बाद दोनों उन्हें विभिन्न राज्यों के शहरों में बेचने जाते हैं। 21 अक्टूबर को भी दोनों जेवर बेचने के लिए निकले थे।
बड़े-बड़े शोरूम पर ही देते हैं जेवर
गुरकीरत सिंह के अनुसार, वे अपने यहाँ तैयार करवाए गए जेवर शहरों के बड़े शोरूम पर ही बेचते हैं। फुटकर दुकानदारों के साथ लेनदेन नहीं करते हैं। उन्होंने बताया कि सफर के दौरान वे अपने साथ दो बड़े बैग लेकर चल रहे थे। जेवर और रुपये से भरा बैग बस की सीट के ऊपर बनी जाली पर रखा था।
व्यापारियों ने की घटना के खुलासे की मांग
अमृतसर के सराफा व्यापारी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने पर सराफा व्यापार असोसिएशन के अध्यक्ष राजेश बिलाटिया के साथ अनिल सोनी और जगदीश अग्रवाल मौके पर पहुँचे। उन्होंने पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। असोसिएशन के अध्यक्ष ने पुलिस से पूरे मामले का जल्द खुलासा करने की माँग की है।
इन्होंने कहा
अमृतसर के सराफा व्यापारी ने जेवर और रुपये से भरा बैग गायब होने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घटनाक्रम की जानकारी एकत्र की है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खँगाली जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगा दी गई हैं। जल्द ही पूरे मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। -रत्नेश्वर सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी (मऊरानीपुर)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।