झांसी में पुलिस ने कब्र से निकाला 2 साल के मासूम का शव, हादसे में हुई थी मौत; परिजनों को हत्या की आशंका
झांसी के गुरसराय में दो वर्षीय मयंक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। परिवार ने इसे हादसा न मानकर पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया। ...और पढ़ें
-1774928306356_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, झांसी। ट्रैक्टर की चपेट में आकर दो वर्ष के मासूम की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। स्वजन ने इसे हादसा नहीं बल्कि रंजिशन की गई हत्या बताते हुए शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया है।
गुरसराय थाना क्षेत्र के अड़जरा गांव में प्रधान विनोद पटेल का दो वर्षीय पुत्र मयंक रविवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण व स्वजन बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कालेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार ने परंपरा के अनुसार शव को दफना दिया। बाद में उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाकर उनके बेटे की हत्या की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मयंक उनका इकलौता बेटा था, जिसका जन्म शादी के करीब 20 साल बाद हुआ था।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मीरजापुर में ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटा समेत तीन की मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपित और ट्रैक्टर की तलाश जारी है।