झांसी: नदी में नहाने गए युवक को खींच ले गया मगरमच्छ, दो घंटे के रेस्क्यू में नहीं मिला सुराग
झांसी में रक्षाबंधन पर नदी में नहाने गए 22 वर्षीय रणवीर सिंह को एक विशाल मगरमच्छ खींच ले गया। एसडीआरएफ ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रक्षाबंधन पर नदी में नहाने गए युवक को मगरमच्छ ने खींचा।
22 वर्षीय रणवीर सिंह का दो घंटे के रेस्क्यू के बाद भी सुराग नहीं।
ग्रामीणों ने नदी में सुरक्षा जाली लगाने की मांग की।
जागरण संवाददाता, झांसी। रक्षाबंधन पर शुक्रवार को नदी में नहाने गए 22 वर्षीय रणवीर सिंह को मगरमच्छ खींचकर पानी में ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के बाद रणवीर नदी से बाहर निकल रहा था, तभी करीब 15 से 20 फीट लंबे मगरमच्छ ने झपट्टा मारकर उसका पैर दबोच लिया।
एसडीआरएफ ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन युवक का सुराग नहीं मिला। बारिश के कारण शाम को अभियान रोकना पड़ा।
ढिकौली गांव में निवासी तकदीर सिंह का छोटा बेटा रणवीर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे रक्षाबंधन पर झांसी से गांव आया था। चाय पीने के बाद वह नदी में नहाने चला गया। रणवीर झांसी में रहकर नौकरी की तैयारी कर रहा था।
घटना की सूचना पर एसडीएम गरौठा सुनील कुमार, सीओ पियूष कुमार पांडेय, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शाम को क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत ने भी घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी में दर्जनों मगरमच्छ हैं। करीब दो वर्ष पहले एक बच्ची भी मगरमच्छ का शिकार हो गई थी और पशुओं पर हमले होते रहते हैं। ग्रामीणों ने नदी के चारों ओर जाली लगाकर सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। त्योहार के दिन हुए हादसे से रणवीर के परिवार में कोहराम मचा है।
