विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां की मौत के बाद मासूमों पर टूटा पिता का कहर, 13 साल की बेटी बोली- पापा-दादी ने पीटा; जान से मारने की दी धमकी

Published: Sat, 05 Sep 2026 03:42 PM (IST)

झांसी में मां के निधन के बाद 13 वर्षीय विशाखा और उसकी छोटी बहन परी को पिता व दादी द्वारा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मां के निधन के बाद बेटियों पर पिता का अत्याचार।

  2. 13 वर्षीय विशाखा और छोटी बहन परी से मारपीट।

  3. लाखों रुपये के लिए पिता-दादी पर उत्पीड़न का आरोप।

जागरण संवाददाता, झांसी। मां का साया सिर से उठा तो 13 वर्ष की विशाखा और उसकी छोटी बहन परी को पिता से सहारे की उम्मीद थी, लेकिन बच्ची ने पुलिस के सामने जो शिकायत दी, वह झकझोर देने वाली है। आरोप है कि पिता और दादी दोनों बहनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। मारपीट में विशाखा के दांत, मुंह, कान समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।

बड़ागांव थाना क्षेत्र के बराठा गांव निवासी विशाखा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता अशोक और दादी ने उसके साथ तथा छोटी बहन परी के साथ मारपीट की। परेशान होकर उसने इसकी जानकारी अपनी टीचर को दी। टीचर ने बच्चियों को समझाया और 112 पर भी शिकायत की गई।

शिकायत के बाद फिर पीटा

बच्ची का आरोप है कि 112 पर शिकायत के बाद उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। पिटाई से उसके शरीर पर चोटें आईं। बच्ची की हालत देखकर गांव के लोगों ने भी विरोध किया तो आरोपित मौके से भाग गया।

लाखों रुपये को लेकर भी सवाल

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियों की मां का निधन हो चुका है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बच्चियों के नाम बैंक में लाखों रुपये जमा हैं। आरोप है कि इसी रकम को हासिल करने के लिए पिता बेटियों पर दबाव बनाता और मारपीट करता है। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

बच्ची की शिकायत पर बड़ागांव थाना पुलिस ने पिता और दादी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्यवाही करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।