विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'इन लोगों ने मेरे साथ अच्छा नहीं किया....अब मैं मुंह कैसे दिखाऊंगी?', झांसी में गैंगरेप पीड़िता ने जहर खाकर दी जान

Published: Tue, 22 Sep 2026 09:41 PM (IST)

झांसी के गुरसराय में एक बीए छात्रा ने गैंगरेप और वीडियो वायरल करने की धमकी के बाद चूहा मार दवा ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. झाँसी में बीए छात्रा ने गैंगरेप के बाद आत्महत्या की।

  2. 6 युवकों पर दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया।

गुरसराय (झांसी)। ‘इन लोगों ने मेरे साथ अच्छा नहीं किया... अब हम समाज को मुंह कैसे दिखाएंगे।’ घटना के बाद सहमी युवती के मुंह से निकली यह बातें परिजनों के मुताबिक आखिरी वक्त तक गूंजती रहीं। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही 6 युवकों ने युवती को बाड़े में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फोटो-वीडियो बना लिए। वीडियो वायरल करने की धमकी से युवती इतनी घबरा गई कि उसने घर में रखी चूहा मार दवा खा ली।

उपचार के बाद हालत में सुधार हुआ, लेकिन 21 सितम्बर की मध्यरात्रि के बाद फिर हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन 22 सितम्बर की सुबह लगभग 4.15 बजे उसे लेकर गुरसराय सीएचसी आये, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों पर दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मां को दी थी घटना की जानकारी

बामौर ब्लॉक के एक गांव निवासी युवती बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार 20 सितम्बर को दोपहर लगभग 12 बजे वह गांव में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास अपने बाड़े में जानवर बांधने जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के करीब आधा दर्जन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने घर पहुंचकर मां को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजनों ने युवकों के घर जाकर शिकायत की। भाई का आरोप है कि इसी दिन अपराह्न 1 बजे एक युवक अपने साथियों के साथ घर आया और उसकी बहन को पकड़कर बाड़े में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया और साथियों से भी दुष्कर्म कराया। आरोप है कि युवकों ने उसकी बहन के अश्लील फोटो खींचे और वीडियो बनाया। साथ ही धमकी दी कि घटना किसी को बताने पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।

परिजनों के मुताबिक युवती ने मां को पूरी घटना बताई। पिता उस समय घर पर नहीं थे। मां ने पिता के आने पर कार्यवाही करने की बात कहकर उसे समझाया। युवती लगातार रो रही थी और घटना को लेकर बेहद घबराई हुई थी। घटना से आहत होकर कुछ देर बाद उसने घर में रखी चूहा मार दवा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के बाद हालत में सुधार हुआ।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपित युवक बेखौफ गांव में घूमते रहे। परिजनों का कहना है कि 21-22 सितम्बर की रात युवती की हालत फिर खराब हुई। मंगलवार को सुबह लगभग 4.15 बजे परिजन उसे लेकर गुरसराय के सीएचसी आये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना को लेकर एसपीआरए डॉ. अरविन्द कुमार ने दोपहर मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। देर शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार गुरसराय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

6 माह पहले तय हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार युवती की शादी करीब 6 माह पहले उरई में तय हुई थी। वह गुरसराय के एक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। घर में वह बड़ी थी। उससे एक छोटा भाई है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य से कमजोर बताई गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच, कुछ युवकों को लिया हिरासत में

घटना की सूचना पर सीओ (गरौठा) पीयूष कुमार पाण्डेय, गुरसराय थानाध्यक्ष अखिलेश द्विवेदी, एसआइ सिगदार सिंह सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद तहरीर के आधार पर कार्यवाही शुरू कर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

यह भी पढ़ें- यूपी के 41424 होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, ट्रेनिंग के लिए 1000000 कारतूस खरीदेगी योगी सरकार

सीओ पीयूष कुमार पाण्डेय ने बताया कि सीएचसी से युवती की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत की सूचना मिली थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि 20 सितम्बर को गाँंव के युवक सुशील ने युवती को बाड़े में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। उसके साथ तीन-चार लड़के बाहर दिखाई दिए। पुलिस पूरे प्रकरण की जाँच कर रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी के बुजुर्गों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा: 75 जिलों के वृद्धाश्रमों के लिए तैयार किया बड़ा प्लान

बामौर ब्लॉक के गांव में युवती की मौत के मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पाँच आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना के सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। साक्ष्य एकत्र किये जा रहे हैं, जिनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। -विकास कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झांसी

घटना के बाद मृतका के परिजनों की तहरीर पर सुशील, कृष्णा सहित 6 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। इसमें कृष्णा और अन्य चार लड़कों से पुलिस पूछताछ कर रही है। सुशील को पकड़ने के लिये टीम गठित कर दी गयी है। अभी तक की जानकारी में मृतका का मुख्य अभियुक्त सुशील के मध्य मित्रवत प्रेम सम्बन्ध पाये गये। इनकी सीडीआर का अवलोकन व डिजिटल साक्ष्य के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है। - डॉ. अरविन्द कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), झांसी