Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झांसी में Thar का कहर, टक्‍कर मारने के बाद 500 मीटर तक बाइक को घसीटा; चचेरे भाइयों की मौत

    Updated: Fri, 20 Feb 2026 08:24 PM (GMT+05:30)

    झांसी-खजुराहो राजमार्ग पर भदरवारा के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रहे राजकुमार साहू और किशोरीलाल साहू क ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. झांसी-खजुराहो राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा।

    2. थार ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को कुचला।

    3. 500 मीटर तक घसीटने से मौके पर ही मौत।

    मऊरानीपुर (झांसी)। शादी-समारोह में शामिल होने के बाद चचेरे भाई बाइक से वापस अपने घर जा रहे थे। झांसी-खजुराहो राजमार्ग पर भदरवारा के पास दोनों जब पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक थार के नीचे आ गयी। कार चालक बाइक सवारों को लगभग 500 मीटर तक घसीटते ले गया, इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। घटना देख वहाँ लोग एकत्र हो गये। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा।

    रानीपुर के नईबस्ती निवासी गल्ला व्यापारी राजकुमार साहू (65) पुत्र घनश्यामदास तथा अपने चचेरे भाई टीकमगढ़ (मप्र) के थाना लिधौरा अन्तर्गत ग्राम मोर पहाड़िया निवासी किशोरीलाल साहू (62) पुत्र छिदामीलाल के साथ छतरपुर (छतरपुर) एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे। शुक्रवार को दोनों बाइक से वापस रानीपुर लौट रहे थे।

    पूर्वाह्न लगभग 11 बजे जब वह दोनों झाँसी-खजुराहो राजमार्ग स्थित भदरवारा के एक पेट्रोल पम्प के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चचेरे भाई बाइक समेत कार के नीचे आ गये और चालक लगभग 500 मीटर तक दोनों को बाइक समेत घसीटते ले गया, इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।

    हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। घटना देख वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गयी। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त कोतवाली प्रभारी इन्द्रपाल सरोज पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को राष्ट्रीय राजमार्ग की ऐम्बुलेन्स से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिजवाया। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार व क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजकर जाँच शुरू कर दी।

    खबरें और भी

    इधर, मृतक राजकुमार के पुत्र नईबस्ती (रानीपुर) निवासी अमरदीप साहू ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि भदरवारा पेट्रोल पम्प के पास थार गाड़ी (यूपी 93 बीआर 3091) के चालक ने पिता राजकुमार की मोटरसाइकिल (यूपी 93 एएस 5364) में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे राजकुमार व किशोरीलाल साहू की मौत हो गयी। थार गाड़ी चालक मोटरसाइकिल को आधा किलोमीटर तक घसीटता ले गया। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

    दोनों परिवारों में मचा कोहराम

    राजकुमार व किशोरीलाल चचेरे भाई थे। छतरपुर शादी में शामिल होने के लिये किशोरीलाल राजकुमार के पास आ गये। यहाँ से दोनों बाइक से शादी में शामिल होने गये। लेकिन, नियति को कुछ और ही मंजूर था। रानीपुर पहुँचने से पहले ही दोनों हादसे का शिकार हो गये। घटना की जानकारी होते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजन सीएचसी पहुँच गये। रो-रोकर सबका बुरा हाल था। नाते-रिश्तेदार मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे।

    यह भी पढ़ें- वही तेंदुआ लौटा है या फिर दूसरा आया... प्रयागराज के गंगापार इलाके में कयासबाजी के बीच दहशत में ग्रामीण