झांसी में घरेलू कलह से उजड़ा परिवार: पति ने खाया जहर, अस्पताल पहुंचते ही घर में पत्नी ने की आत्महत्या
घरेलू विवाद के चलते झांसी के बबीना में एक परिवार उजड़ गया, जहाँ पति ने जहर खाया और पत्नी ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
घरेलू विवाद में पति ने खाया जहरीला पदार्थ।
पति के अस्पताल जाने के बाद पत्नी ने की आत्महत्या।
विवाह के सात माह बाद हुई घटना, मैजिस्ट्रेटी जांच।
जागरण संवाददाता, झांसी। घरेलू विवाद ने सोमवार-मंगलवार की रात बबीना कस्बे में एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन पति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बबीना ले गए, जहाँ से हालत गम्भीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलिज रिफर कर दिया गया।
परिवार के लोग उसे लेकर झांसी जा ही रहे थे कि घर से आई एक फोन कॉल ने सबको झकझोर दिया। पीछे घर में अकेली रह गई नवविवाहिता ने दुपट्टे का फन्दा बनाकर आत्महत्या कर ली।
बबीना थाना क्षेत्र स्थित गणेश मन्दिर के पास रहने वाले हरीशंकर साहू के छोटे बेटे सागर साहू की शादी 25 नवम्बर 2025 को लखनऊ निवासी श्याम सुन्दर राठौर की पुत्री राधा राठौर से हुई थी। सोमवार रात लगभग 11 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद सागर ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजन उसे सीएचसी बबीना ले गए, जहाँ से चिकित्सकों ने झांसी रिफर कर दिया। सागर को लेकर बड़े भाई विजय साहू और पिता हरिशंकर झांसी जा रहे थे कि विजय की पत्नी प्रीति साहू का फोन आया कि राधा ने कमरे में दुपट्टे से फन्दा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही परिजन वापस लौटे तो राधा मृत मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि विवाह को सात वर्ष पूरे न होने के कारण मैजिस्ट्रेटी जांच प्रारम्भ कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। उधर, सागर साहू का झांसी में उपचार चल रहा है
खबरें और भी
7 माह पहले बंधे थे विवाह बन्धन में
राधा राठौर और सागर साहू का विवाह 25 नवम्बर 2025 को हुआ था। शादी को 7 माह से कुछ अधिक समय ही हुआ था। ऐसे में विवाह के 7 वर्ष पूरे न होने के कारण पुलिस ने नियमानुसार सूचना मैजिस्ट्रेट को भेजी। उनकी मौजूदगी में पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्यवाही कराई जा रही है।
पति का उपचार जारी, मौत के कारणों की होगी पड़ताल
जहरीला पदार्थ खाने के बाद सागर साहू को गम्भीर हालत में मेडिकल कॉलिज में भर्ती कराया गया है। राधा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक तथ्यों और जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।