हैवानियत की हद: पति ने पत्नी के चेहरे को दांतों से बुरी तरह काटा, बेटी की मदद को पहुंचे बुजुर्ग पिता पर भी किया हमला
ललितपुर के लुहर्रा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के चेहरे को दांतों से बुरी तरह काट दिया और उसे घर से निकाल दिया। बेटा न होने के कारण वह अक्सर पत् ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पति ने पत्नी के चेहरे को दांतों से काटा।
बेटा न होने पर करता था पत्नी से मारपीट।
बेटी बचाने आए बुजुर्ग पिता पर भी हमला।
जागरण संवाददाता, ललितपुर। मड़ावरा क्षेत्र के लुहर्रा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने न केवल अपनी पत्नी के साथ बर्बरता की, बल्कि मदद के लिए पहुंचे अपने बुजुर्ग ससुर को भी नहीं बख्शा। घायल पिता-पुत्री को गम्भीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित रानी बुनकर (30) कहना है कि उसकी शादी लुहर्रा निवासी युवक से हुई थी। उनकी तीन बेटियां हैं। रानी का आरोप है कि पति बेटा न होने की बात को लेकर अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है।
शुक्रवार की रात क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए आरोपी ने पत्नी के चेहरे पर दांतों से बुरी तरह काट लिया और कड़ाके की सर्दी में उसे घर से बाहर निकाल दिया। जब इस आपबीती की जानकारी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी रानी के पिता छिंगा को मिली, तो वह अपनी लाचारी और गरीबी के बावजूद बेटी की जान बचाने के लिए निकल पड़ा।
साधन न होने के कारण वह 70 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय कर शनिवार शाम अपनी बेटी के ससुराल पहुंचा।
बेटी के घर पहुंचते ही आरोपी दामाद ने बुजुर्ग ससुर पर भी हमला बोल दिया। हरिराम ने अपने ससुर के साथ भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। अंतत: शनिवार रात दोनों घायलों को इलाज के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलिज लाया गया।