सावधान! बिना वैरिफिकेशन किरायेदार रखा तो नपेंगे मकान मालिक, ललितपुर SP ने जारी किए सख्त निर्देश
ललितपुर में नकली शराब और सट्टे के भंडाफोड़ के बाद, एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने मकान मालिकों को किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

ललितपुर ब्यूरो। जनपद में पिछले दिनों नकली शराब बनाने की फैक्ट्री और बड़े सट्टा कारोबार के भण्डाफोड़ ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इन मामलों में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि बाहरी अपराधीतत्व शहर के विभिन्न मोहल्लों में किराये पर कमरा लेकर अपनी अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। इसे गम्भीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने अब मकान मालिकों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।
अपराधियों का सुरक्षित ठिकाना बने किराये के मकान
हालिया पुलिसिया कार्यवाही में यह स्पष्ट हुआ है कि गैर-जनपदों से आए शातिर अपराधी यहाँ पहचान छिपाकर किराये के मकानों में रह रहे हैं। सत्यापन न होने के कारण ये तत्व आसानी से अवैध कारोबार का नेटवर्क फैला लेते हैं। एसपी ने आगाह किया है कि बिना जाँच-परख और पुलिस सत्यापन के किसी भी अज्ञात व्यक्ति को मकान किराये पर देना भारी पड़ सकता है।
मकान मालिक इन बातों का रखें ध्यान
- करायेदार का आधार कार्ड और स्थायी पते की मूल कॉपी अवश्य देखें।
- नजदीकी थाने या यूपी कॉप ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन फॉर्म भरें।
- किरायेदार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरन्त पुलिस को दें।
- बिना पहचान पत्र के किसी भी बाहरी व्यक्ति को शरण न दें।
होगी सख्त कार्रवाई
जनपद के सभी मकान मालिक तत्काल अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन करा लें, यदि किसी किरायेदार के आपराधिक गतिविधि में शामिल होने की पुष्टि होती है और मकान मालिक ने उसका सत्यापन नहीं कराया है, तो इसे संलिप्तता मानते हुए संबंधित मकान मालिक के विरुद्ध भी कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।- मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।