विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'Ramhit Yadav' कैसे हुआ 'राम ने यादव को मारा'? वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ी को लेकर आयोग ने दी सफाई

Published: Fri, 23 Oct 2026 10:10 AM (IST)

झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में 158 असामान्य प्रविष्टियां मिली हैं, जिस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्टीकरण दिया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा।

HighLights

  1. मतदाता सूची में 158 असामान्य प्रविष्टियां पाई गईं।

  2. ऑनलाइन पंजीकरण में तकनीकी और मानवीय त्रुटियां मुख्य कारण।

  3. अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा, मतदान में बाधा न हो निर्देश।

जागरण संवाददाता, झांसी। झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में कुछ नामों के असामान्य रूप से दर्ज होने के मामले में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी। इस नई प्रक्रिया में कुछ तकनीकी और मानवीय त्रुटियां सामने आई हैं।

मतदाता सूची में कुल 14,81,310 प्रविष्टियां हैं। इनमें 158 प्रविष्टियां ऐसी हैं, जिनमें मतदाताओं अथवा उनके संबंधियों के नाम असामान्य प्रतीत हो रहे हैं।

ऐसे बदला नाम का अर्थ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन में अंग्रेजी में दर्ज नामों को हिंदी में ट्रांसलरेट किया जाना था। यानी अंग्रेजी में लिखे नाम को उसके उच्चारण के आधार पर हिंदी में दर्ज करना था। कुछ मामलों में सॉफ्टवेयर ने ट्रांसलेशन के बजाय शब्दों का अनुवाद कर दिया।

उदाहरण के लिए, यदि किसी मतदाता का नाम रामहित यादव है और अंग्रेजी में Ramhit Yadav के स्थान पर गलती से Ram hit Yadav दर्ज हो गया तो सॉफ्टवेयर ने इसे नाम के बजाय वाक्य के रूप में समझकर हिंदी में ‘राम ने यादव को मारा’ जैसा अनुवाद कर दिया।

इसी तरह किसी आवेदन में पिता के नाम के स्थान पर ‘B Com’ दर्ज हो जाना भी मानवीय भूल अथवा सावधानी न बरते जाने का उदाहरण बताया गया है।

MLC chunav voter list

अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की प्रविष्टियों को एडिट कर सुधारने की व्यवस्था उपलब्ध थी। जिन मामलों में त्रुटियां रह गईं, उनके संबंध में यह जानने के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया है कि मतदाता सूची तैयार करने और उसके परीक्षण के दौरान ऐसी प्रविष्टियां किस प्रकार सूची में बनी रह गईं।

झांसी मंडलायुक्त इस निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ERO) तथा संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी (AERO) की भूमिका में हैं।

WhatsApp Image 2026-10-22 at 2.16.00 PM

इसी प्रशासनिक व्यवस्था के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्त झांसी और संबंधित सभी 10 जिलाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। यह कार्रवाई अधिकारियों को दोषी ठहराने के रूप में नहीं, बल्कि मतदाता सूची में रह गई त्रुटियों के संबंध में तथ्य और कारण स्पष्ट करने के लिए की गई है।

मतदान में परेशानी न हो, दिए निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम से संबंधित त्रुटि के कारण किसी पात्र मतदाता को मतदान में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

WhatsApp Image 2026-10-22 at 2.16.44 PM

डुप्लीकेट मतदाताओं पर नहीं आया स्पष्टीकरण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 158 असामान्य प्रविष्टियों के संबंध में तकनीकी और मानवीय त्रुटि की स्थिति स्पष्ट की है। हालांकि डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित शिकायतों पर उनके बयान में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

मंडलायुक्त कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित

झांसी : इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान में स्नातक मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत मतदाता सूची में किसी मतदाता की प्रविष्टि में लेखन संबंधी अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटि से उत्पन्न हुई विसंगतियों की शिकायत हेतु आयुक्त झांसी मण्डल झांसी कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नम्बर 0510-2443313 है। मतदाता उक्त चुनाव से संबंधित किसी प्रकार की कठिनाईयों हेतु उक्त नम्बर से सम्पर्क कर सुझाव प्राप्त एवं शिकायत दर्ज करा सकते हैैं।

यह भी पढ़ें- झांसी में रेलवे श्वान प्रतियोगिता की रिहर्सल में दिखा खोजी दस्तों का दम, हैंडलर के इशारे पर दौड़े 70 प्रशिक्षित श्वान