हमीरपुर में यमुना पुल से सीओ के स्टेनो ने लगाई छलांग, तेज बहाव में एक किमी दूर मछुआरों ने बचाई जान
हमीरपुर में सीओ सदर के स्टेनो ने यमुना पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन मछुआरों ने उन्हें ...और पढ़ें

नदी में कूदे पुलिस कर्मी को नदी के किनारे से लेकर आते सीओ यशपाल सिंह व अन्य पुलिस कर्मी। जागरण
HighLights
सीओ सदर के स्टेनो ने यमुना पुल से लगाई छलांग
मछुआरों ने एक किमी दूर बहते कर्मी को बचाया
कर्मी ने मानसिक बीमारी को आत्महत्या का कारण बताया
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। यमुना नदी पुल से सीओ सदर के स्टेनों ने छलांग लगा दी। नदी में बहाव अधिक होने की वजह से कर्मी करीब एक किमी.दूर तक बहा चला गया। नदी में मछली का शिकार कर रहे मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस कर्मी को नदी से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
मौके पर पहुंचे सीओ सदर यशपाल सिंह व सदर कोतवाल रामआसरे सरोज ने कर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कर्मी ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार चल रहा है। जिसके कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना से पुलिस महकमें में हलचल मच गई।

यमुना नदी में कूदे कर्मी को नाव में बैठाकर किनारे लाते मछवारे। जागरण
सदर क्षेत्राधिकारी यशपाल सिंह के कार्यालय में स्टेनों पद पर तैनात 37 वर्षीय महेश कुमार पांडेय शुक्रवार की शाम करीब चार बजे युमना नदी पुल में मोबाइल व चप्पल रख कर पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। कर्मी को नदी में छलांग लगाते देख लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कर्मी नदी में करीब एक किमी.तक बहता चला गया।
नदी में पुलिस कर्मी को बहता देख नाविक विजय व बाबू निषाद ने नाव के सहारे पकड़कर नाव में बैठा नदी के किनारे लाए। घटना की सूचना मिलते ही सदर सीओ व कोतवाल मौके पर पहुंचकर कर्मी को जिला अस्पताल लेकर गए। पुलिस कर्मी महेश पांडेय ने बताया कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता है और उसका इलाज भी चल रहा है।
सदर सीओ यशपाल सिंह ने बताया कि कर्मी मानसिक रूप से बीमार चल रहा है। जिनका स्वजन इलाज करा रहे हैं। वह अपनी पत्नी व भाई के साथ प्राईवेट रूम लेकर लक्ष्मीबाई के पास रहता है। वहीं घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस कर्मी का हालचाल लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।