Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली जंतर-मंतर से 9 iPhone चोरी करने वाला गैंग कन्नौज में पकड़ा, मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 06:36 PM (IST)

    कन्नौज में पुलिस मुठभेड़ के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर से आईफोन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार किए गए। मुठभेड़ में एक बदमाश के पै ...और पढ़ें

    पुलिस हिरासत में खड़ा घायल आरोपित। जागरण

    पुलिस हिरासत में खड़ा घायल आरोपित। जागरण

    HighLights

    1. जंतर-मंतर में प्रदर्शनकारियों के मोबाइल चुराने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के लगी गोली

    2. पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी किए गए 37 मोबाइल किए बरामद, इनमें नौ आईफोन भी शामिल

    3. गुरु पूर्णिमा मेला तिर्वा में श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी करने के लिए बाइक से जाते समय हुई मुठभेड़

    जागरण संवाददाता, कन्नौज। दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शनकारी छात्रों के मोबाइल चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के बाइक सवार तीन बदमाशों की पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोली लगने से इटावा का बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश और भाग रहे उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों कब्जे से पुलिस ने चोरी किए किए 37 मोबाइल बरामद किए। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह लोग मोबाइल चोरी कर उनके महंगे पार्ट्स बिक्री कर देते हैं।

    बुधवार सुबह करीब छह बजे सौरिख थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह टीम के साथ गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के लिंक रोड के पास ऋषि भूमि तिराहा के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बगैर नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक तेजी निकले। जीप से पीछा करने के दौरान बाइक पर सवार बदमाशों ने अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू करते हुए बाइक छोड़कर भागने लगे।

    इस दौरान जीप से कूदकर पकड़ने का प्रयास करते समय सिपाही गजेंद्र रोड पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में इटावा के थाना फ्रेडस कालोनी के कोकपुरा निवासी बदमाश राजीव कुमार के दाएं पैर में गोली लग गई। इससे वह जमीन पर गिर गया।

    वहीं पुलिस ने झाड़ियों में छिपे मैनपुरी के थाना करहल गिहार कालोनी स्टेट बैंक के सामने रहने वाले भूरा उर्फ जितेंद्र उर्फ रामपाल और फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज की गिहार कालोनी निवासी मोहित गिहार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए 37 मोबाइल, तीन अवैध तमंचा और एक बाइक बरामद की।

    खबरें और भी

    पूछताछ के दौरान घायल बदमाश राजीव कुमार ने बताया कि वह लोग जनसभा और मेलों में लोगों के मोबाइल चोरी करते हैं। हाल में दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नौ आईफोन छात्र-छात्राओं के चोरी किए हैं। पुलिस ने घायल बदमाश राजीव को मेडिकल कालेज तिर्वा के अस्पताल में भर्ती कराया।

    एसपी विनोद कुमार ने बताया कि बरामद मोबाइलों की कीमत कुल 25 लाख है। इनमें से नौ आईफोन मोबाइल की कीमत 22 लाख है। दिल्ली के जंतर-मंतर से मोबाइल चोरी करने के बाद यह लोग तिर्वा के अन्नपूर्णा मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर लगे मेले में मोबाइल चोरी करने की नियत से निकले थे। इस दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल चोरी के बाद बदमाश उनके पार्ट दुकानदारों को बिक्री कर देते। गिरफ्त में आए अंतरराज्यीय बदमाशों के खिलाफ इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद समेत कई शहरों में 15 से अधिक लूट, चोरी समेत अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं।