Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Kannauj News: शराब की लत और गंवा दी 12 बीघा जमीन, विवाद हुआ तो पत्नी को कुल्हाड़ी मार फंदे पर लटका किसान 

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 07:08 PM (IST)

    शराब की लत में 12 बीघा जमीन गंवाने के बाद एक किसान ने पत्नी को कुल्हाड़ी से घायल कर खुदकुशी कर ली। पत्नी ने नशे में जमीन बेचने का ताना दिया था, जिसके ...और पढ़ें

    ग्रामीणों से मामले की जानकारी लेते सीओ सुरेश कुमार मलिक। जागरण

    ग्रामीणों से मामले की जानकारी लेते सीओ सुरेश कुमार मलिक। जागरण

    HighLights

    1. किसान ने सिर पर कुल्हाड़ी से किया तीन बार प्रहार, हालत गंभीर

    2. पत्नी ने नशे में जमीन बिक्री करने का ताना दिया, तो चिढ़ गया था

    संवाद सूत्र, चपुन्ना (कन्नौज)। शराब के नशे में किसान ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी को घायल कर दिया। खून से लथपथ बेहोश पत्नी को आंगन में छोड़कर उसने गांव के बाहर पेड़ पर फंदा से लटक कर खुदकुशी कर ली। घायल पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।

    सौरिख थाना की खड़िनी चौकी के गांव रुर निवासी 50 वर्षीय गोविंद दुबे शराब पीने का लती था। उसके हिस्से में कुल 12 बीघा जमीन थी। एक साल में उसने थोड़ी-थोड़ी कर पूरी जमीन की बिक्री कर दी थी। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे गोविंद दुबे शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान 47 वर्षीय पत्नी आरती ने नशे के कारण जमीन बिक्री करने का ताना दिया, तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। इस दौरान गोविंद ने कुल्हाड़ी से तीन बार आरती के सिर पर हमला कर दिया। इससे आरती खून से लथपथ आंगन में बेहोश हो गई।

    इसके बाद गोविंद दुबे ने घर से करीब 300 मीटर दूर एक बाग में नीम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी।पेड़ के पास में कुल्हाड़ी और गोविंद की चप्पलें भी पड़ी थीं। खुदकुशी के बाद फंदे से कसी रस्सी टूट गई। इससे पेड़ के नीचे सिंचाई की नाली में बह रहे पानी में शव गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

    उधर आरती घर में काफी देर तक मरणासन्न हालत में पड़ी रही। पुलिस ने उसे तिर्वा के मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से नाजुक हालत में कानपुर के एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सुरेश कुमार मलिक, सौरिख थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी की। वहीं डाग स्क्वायड ने भी मौके पर छानबीन की। इसके बाद गोविंद के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। सीओ सुरेश कुमार मलिक ने बताया कि पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ था। शराब के नशे में गोविंद ने पत्नी को घायल कर खुदकुशी कर ली। मामले की जांच की जा रही है।

    बेटी ने घर से बाहर भागकर बचाई जान

    नशे में गोविंद ने जब पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, तो उसकी 10 वर्षीय बेटी राधा मां को बचाने का प्रयास करने लगी। इस दौरान गोविंद ने कुल्हाड़ी से बेटी पर भी हमले का प्रयास किया। किसी तरह राधा ने घर से बाहर भागकर जान बचाई। राधा ने बताया कि पिता दरवाजे पर शराब के नशे में निकल रहे लोगों से अभद्रता कर रहे थे। इससे मां उन्हें आंगन में खींच कर ले आई थीं। मां ने जब कहा कि शराब के लिए पूरी जमीन पर बेच दी, तो पिता ने मां पर हमला कर दिया। वहीं, मृतक का बेटा हरियाणा के गुरुग्राम में नौकरी करता है। मृतक की मां शकुंतला देवी छिबरामऊ में अपने छोटे बेटे के साथ रहती हैं।

    खबरें और भी

    जमीन बिक्री कर लोडर चलाता था गोविंद

    गांव में 12 बीघा जमीन बिक्री के बाद गोविंद के पास रुपये भी खत्म हो चुके थे। इससे वह लोडर चलाने लगा था। खाली समय में पड़ोसी किसानों का ट्रैक्टर भी चलाता था। वाहन चलाने पर मिलने वाले रुपये से वह शराब पीता था। गोविंद की इन आदतों से उसकी मां शकुंतला देवी और भाई भी दूरियां बनाकर रहते थे। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।