विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज में किसान की हत्या, रात में सोते समय धारदार हथियार से मार डाला

Published: Fri, 18 Sep 2026 02:32 PM (IST)

कन्नौज के तिर्वा में एक निर्माणाधीन डेयरी पर सो रहे 55 वर्षीय किसान प्रवेश कुमार दुबे की धारदार हथियार से ...और पढ़ें

तिर्वा के बेहरिन गांव में हत्या के बाद घटनास्थल पर रोते प्रवेश दुबे के स्वजन। जागरण

तिर्वा के बेहरिन गांव में हत्या के बाद घटनास्थल पर रोते प्रवेश दुबे के स्वजन। जागरण

HighLights

  1. तिर्वा में निर्माणाधीन डेयरी पर किसान की हत्या।

  2. सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से आठ वार।

  3. पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया, जांच जारी।

संवाद सहयोगी, तिर्वा (कन्नौज)। निर्माणाधीन डेयरी पर सोते समय किसान की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। सिर और चेहरे पर आठ गहरी चोटों के निशान मिले। शव चारपाई पर ही पड़ा मिला। पांच मीटर दूर चारपाई पर सो रहे युवक को हमले की भनक तक नहीं हुई। बेटे ने आकर देखा तो शोर मचाया। स्वजन ने हत्यारोपित की गिरफ्तारी की मांग करते हुए घटना पर रोष जताया। एसपी से दोषियों को जेल भेजने का भरोसा देकर स्वजन को शांत कराया। पुलिस ने साथ सोने वाले युवक और पड़ोसी सहित पांच लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया है।


कोतवाली क्षेत्र के बेहरिन गांव निवासी 55 वर्षीय प्रवेश कुमार दुबे पुत्र स्व. रूपलाल दुबे किसान थे। वह गांव के बीच और अपने मकान से करीब 50 मीटर दूर डेयरी का निर्माण करा रहे थे। वहीं पर अकेले रहते थे। रात होने पर पड़ोस के ही जीतू बाथम के साथ निर्माणाधीन डेयरी पर अलग-अलग चारपाई ले जाते थे। गुरुवार रात प्रवेश दुबे और जीतू बाथम अपनी-अपनी चारपाई पर करीब पांच मीटर के फासले पर लेट थे। रात दो बजे के बाद किसी समय प्रवेश दुबे के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। जीतू बाथम को इसकी भनक भी नहीं लगी।

शुक्रवार सुबह करीब सात बजे प्रशांत ने पहुंचकर पिता प्रशांत कुमार दुबे को मृत देखा तो शोर मचाया। तभी जीतू की भी नींद खुली। प्रवेश का शव करवट की अवस्था में खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा था। सिर व चेहरे पर आठ गहरी चोटों के निशान थे। एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ सिटी शिल्पा वर्मा, सीओ रामअवतार के साथ ठठिया, इंदरगढ़, तिर्वा कोतवाली पुलिस पहुंच गई।

डाग स्क्वायड ने जांच की तो पड़ोस के एक मकान के अंदर पहुंचा। इससे शक के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी को भी हिरासत में ले लिया। स्वजन ने जीतू सहित कुछ लोगों पर शक जताया तो पुलिस ने उन्हें भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। स्वजन ने घटना को लेकर नाराजगी जताई तो एसपी ने कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। हत्या का कारण स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।