विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kannauj Gold Smuggling: महेशपुर बार्डर में तस्करी का बड़ा खेल? 4 घंटे के पास पर नेपाल गई कार, 9.30 घंटे बाद लौटी

Published: Mon, 24 Aug 2026 01:59 PM (IST)

कन्नौज में 10 किलो सोना बरामदगी मामले में भारत-नेपाल के महेशपुर बार्डर पर बड़ा खेल सामने आया है, जहां एक ...और पढ़ें

बरामद हुआ सोना। पुलिस

बरामद हुआ सोना। पुलिस

HighLights

  1. कन्नौज में 10 किलो सोना बरामदगी मामले में बड़ा खुलासा

  2. महेशपुर बार्डर से नेपाल गई कार 4 घंटे की जगह 9.5 घंटे बाद लौटी

  3. कस्टम विभाग चालक और तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रहा है

जागरण संवाददाता, कन्नौज। कन्नौज में 10 किलो सोना बरामदगी मामले में बड़ा खेल सामने आया है। ये खेल भारत नेपाल के महेशपुर बार्डर का है। कार चार घंटे के पास पर नेपाल गई, लेकिन करीब साढ़े नौ घंटे बाद वापस लौटी।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ब्रेजा कार से 10 किलो सोना बरामद होने के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए तथ्य सामने आ रहे हैं। कस्टम विभाग की जांच में पता चला है कि संबंधित ब्रेजा कार 21 अगस्त को सुबह करीब 9:36 बजे महेशपुर बार्डर से नेपाल में दाखिल हुई थी। वाहन के लिए कथित तौर पर चार घंटे की अवधि का पास बनाया गया था, लेकिन कार शाम करीब सात बजे महेशपुर बार्डर से भारत वापस लौटी। इस तरह निर्धारित अवधि और वापसी के समय में काफी अंतर सामने आया है।

महेशपुर बार्डर पहुंची कस्टम विभाग की टीम

अब कस्टम विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि कार को नेपाल ले जाने वाला अभिषेक नाम का चालक कौन है और वह कहां का निवासी है। साथ ही निर्धारित अवधि में वाहन के वापस नहीं लौटने का कारण भी जांच के दायरे में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कस्टम विभाग की टीम महेशपुर बार्डर पहुंची है। टीम वहां लगे सीसी कैमरों की रिकार्डिंग और कस्टम दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि नेपाल में प्रवेश और भारत वापसी के बीच वाहन की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके।

बार्डर पर रिकार्ड जांच में सामने आएंगे और भी तथ्य

तालग्राम थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ब्रेजा कार से बड़ी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद कस्टम विभाग ने जांच अपने हाथ में ली थी। अब नेपाल सीमा से वाहन के आवागमन का रिकार्ड जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है।

ये था पूरा मामला

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात जिस ब्रेजा कार में 10 किलो 26 ग्राम सोना मिला था। ब्रेजा कार शुक्रवार को शाम करीब सात बजे महेशपुर बार्डर से भारत लौटी और गोरखपुर पहुंची। वहां से महाराजगंज निवासी संदीप जायसवाल कार लेकर निकला और सरोज पंत को साथ लिया। कन्नौज में रात दो बजे उसकी कार से पुलिस की टाटा सूमो में टक्कर लग गई। कार में मिली सोने की ईंटों की कीमत पुलिस ने करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये बताई है।

पैदल लाए थे सोना

कस्टम विभाग की जांच में पता चला है कि अभिषेक नाम का चालक ब्रेजा कार लेकर शुक्रवार को नेपाल के महेशपुर बार्डर से सुबह 9:36 बजे नेपाल में दाखिल हुआ था। वहां उसने वाहन का 600 नेपाली रुपये का टैक्स भी अदा किया था। लौटने के बाद उसने गोरखपुर में कार संदीप जायवाल के हवाले की और वह नेपाल के सरोज पंत के साथ सोना लेकर दिल्ली जा रहा था। हालांकि संदीप और सरोज ने पूछताछ में बताया था कि वे नेपाल से पगडंडी के रास्ते पैदल सोना लाए थे। दोनों आरोपितों को लखनऊ में कस्टम कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही सोने की खेप के स्रोत और पूरे नेटवर्क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- जिस IIT Kanpur ने सपनों को दी उड़ान, उसने गुरु दक्षिणा में दिए 400 करोड़, IndiGo के सह-संस्थापक का बड़ा तोहफा