कन्नौज में शराब के 100 रुपये न देना पत्नी को पड़ा महंगा, ससुराल में पति ने खूब किया हंगामा, गांव की टंकी पर चढ़ा
कन्नौज में शराब के लिए 100 रुपये न मिलने पर एक व्यक्ति ने पानी की टंकी पर चढ़कर दो घंटे तक हंगामा किया और फिर उसमें कूद गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की, जिसके बाद उसे जमानत मिल गई।

इंदरगढ़ के पूराराय गांव में पानी की टंकी के नीचे पानी से भीगा खड़ा मुकेश को समझाते पुलिस कर्मी। जागरण
HighLights
टंकी पर चढ़कर दो घंटे हंगामा के बाद छलांग लगाकर कूद तैरकर निकला
100 रुपये शराब के लिए पत्नी न देने पर ससुराल में युवक ने किया हंगामा
पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई कर युवक को जमानत दिलाई
संवाद सूत्र, इंदरगढ़(कन्नौज)। ससुराल में रह रहे युवक ने पत्नी ने शराब पीने के लिए 100 रुपये की मांग की। पत्नी पहले से पति को नशे में देखकर रुपये देने से मना कर दिया। इसके बाद युवक ने नशे की हालत में पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। दो घंटे हंगामा के बाद उसने पानी भरी टंकी में छलांग लगा दी। इसके बाद खुद तैरकर बाहर निकल आया। पुलिस ने युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की।
सौरिख थाना क्षेत्र के रेरी रामपुर गांव निवासी मुकेश कुमार की शादी इंदरगढ़ के पूराराय गांव में रहने वाली रामशीला देवी से हुई है। 2019 से वह पत्नी के साथ अपनी ससुराल में रहता है। सोमवार सुबह आठ बजे से मुकेश कुमार ने शराब पीनी शुरू कर दी। दोपहर दो बजे शराब के नशे में उसने पत्नी रामशीला से 100 रुपये मांगे। पत्नी ने जब रुपये मांगने का कारण पूछा, तो उसने कहा कि वह अभी और शराब पीना चाहता है।
पत्नी के मना करने पर मुकेश ने घर में झगड़ा किया और फिर गांव के बाहर पानी की टंकी पर चढ़कर शोर मचाने लगा। इससे ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने टंकी पर चढ़कर बचाने का प्रयास किया तो मुकेश ने टंकी से नीचे छलांग लगाने की धमकी दी। इससे ग्रामीण पीछे हट गए। कुछ देर बाद पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माना। इससे टंकी के टैंक में कूद गया। टैंक में पानी पूरा भरा होने से खुद ही तैर कर ऊपर आ गया और बाहर निकला।
रुपये दिलाने का पुलिस ने भरोसा दिया। इससे मुकेश टंकी से खुद ही नीचे उतर आया। पुलिस ने थाने लेकर जाकर शांति भंग की कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय भेजा। यहां से उसे जमानत मिल गई। थानाध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप ने बताया कि शांतिभंग की कार्रवाई की गई और दोबारा घटना न करने की हिदायत दी गई है। वहीं ग्रामीणों ने मुकेश कुमार के टंकी में कूदने के बाद भरे हुए पानी को निकाल कर शुद्ध पेयजल आपूर्ति की आपरेटर से मांग भी की है।
