Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कन्नौज सदर विधानसभा में शिक्षा-स्वास्थ्य पर काम, सड़कों पर लड़खड़ाया विकास, MLA असीम अरुण का रिपोर्ट कार्ड

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 09:11 PM (IST)

    कन्नौज सदर विधायक असीम अरुण ने 14.68 करोड़ से 112 विकास कार्य कराए, जिनमें शिक्षा और स्वास्थ्य में सफलता मिली। हालांकि, नई बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्र ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. विधायक असीम अरुण ने शिक्षा-स्वास्थ्य में 112 विकास कार्य कराए।

    2. जिला अस्पताल में आधुनिक लैब, स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनीं।

    3. ग्रामीण व नई बस्तियों में सड़कें बदहाल, विकास अधूरा।

    जागरण संवाददाता, कन्नौज। आईपीएस पद से त्यागपत्र देकर चुनाव के दौरान क्षेत्र के विकास का वादा कर विधायक बने असीम अरुण शिक्षा, स्वास्थ्य और वैकल्पिक ऊर्जा संसाधनों में कार्य कराने में सफल हुए। क्षेत्र में गड्ढा मुक्त सड़क और आलू मंडी में सब्जी व फल खरीद का वादा पूरा नहीं कर सके।

    नई बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव व टूटी सड़कों पर विकास लड़खड़ाया साबित हुआ। गांव में अभी भी जल जीवन मिशन के तहत हर घर अमृत की धारा ग्रामीणों के लिए ख्वाब है। वर्ष 2022 से अब तक असीम अरुण ने विधायक निधि 14.68 करोड़ से 122 विकास कार्य पूरे कराए। इनमें से सबसे अधिक स्कूलों, अस्पताल और सोलर लाइट लगवाने के काम प्राथमिकता से हुआ है।

    इस तरह खाकी त्याग खादी धारण करने वाले समाज कल्याण राज्यमंत्री व सदर विधायक असीम अरुण के कुछ वादे पूरे हो गए तो कुछ अधूरे रह गए हैं। फिलहाल जल्द अधूरे वादे पूरे करने का भी वह दम भर रहे हैं। चुनाव के दौरान जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधा सुधारने का वादा किया।

    जिला अस्पताल में 75 लाख के बजट से आधुनिक लैब का निर्माण कराया। इसमें आधुनिक मशीनों से अब मरीजों को जांच का लाभ मिल रहा है। वहीं, करीब चार लाख की लागत से इमरजेंसी वार्ड और ट्रामा सेंटर में आठ एसी, 20 पंखे लगाए गए हैं। इसके अलावा बैठक हाल का भी निर्माण हुआ है। अस्पताल में दो दंत रोग विशेषज्ञ और नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती कराई।

    खबरें और भी

    ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा का वादा पूरा हुआ है। करौंदा शाहनगर, गुगरापुर, उदैतापुर, सिमरापुर समेत 30 कंपोजिट स्कूलों में 4.50 करोड़ की निधि से स्मार्ट क्लास शुरू कराई। इसके अलावा बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर की सुविधा की गई है। वहीं, करीब 12 स्कूलों में बाउंड्रीवाल और सुंदरीकरण का भी काम कराया गया है।

    उच्च शिक्षा हासिल कर रहे अनुसूचित छात्रों के लिए दो छात्रावास का कायाकल्प किया गया। चुनाव के दौरान असीम अरुण ने आलू किसानों को मंडी की सुविधा और शीतगृह संचालकों को सुविधाओं का वादा किया था। चुनाव जीतने के बाद प्राथमिकता से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर विशिष्ट मंडी में आलू खरीद शुरू कराई।

    वैकल्पिक ऊर्जा क्षेत्र में शीतगृह संचालकों की बैठक कर अनुदान पर सोलर पैनल प्लांट से शीतगृह संचालित करने के लिए प्रेरित किया। चुनाव के दौरान गड्ढा मुक्त सड़कों का वादा निभाने में समाज कल्याण राज्यमंत्री खरे नहीं उतरे। पांच साल में बहसोर, शरीफापुर, बकतौरापुर, मानपुर और गोवा गांव में सीसी सड़क का निर्माण कराया।

    अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों और शहर की नई बस्तियों में कच्ची और क्षतिग्रस्त सड़कों पर चलना मुश्किल है। क्षेत्र में सड़क न बनने का लोगों के मन में मलाल है। दरवाजे पर चार पहिया वाहन न पहुंच पाने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार ग्रामीणों से सड़क निर्माण को लेकर प्रदर्शन भी किया है।

    लोगों की राय

    पूर्व में पुलिस अफसर रहे असीम अरुण ने शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में किए वादे पूरे किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क खराब हैं। बगैर सड़क के क्षेत्र का विकास संभव नहीं है। इससे सड़क और नाला निर्माण पर भी ध्यान देना चाहिए। जलभराव के कारण लोगों को गुजरने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

    -अवनीश कुशवाहा, कोचिंग शिक्षक निवासी कनपटियापुर

     

    राज्यमंत्री ने आलू मंडी में सब्जी और फल बिक्री शुरू कराने का वादा किया था, लेकिन पूरा नहीं हुआ है। अगर क्षेत्र की मंडी में फल और सब्जियां की बिक्री शुरू हो जाए तो किसानों को अच्छे दाम मिलेंगे। इससे क्षेत्र के किसानों की आए बढ़ेगी।

    -राजबहादुर रामपुर किसान ठठिया

     

    असीम अरुण ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ युवाओं की प्रतिभा निखारने को मैदानों को विकसित किया है। इससे अब युवा रात में मैदानों में अभ्यास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल मैदान में हाईमास्ट लाइटों को लगाया जाए। क्रिकेट कोच की भी बोर्डिंग मैदान में तैनाती की जाए

    -अमित वर्मा निवासी हरदेवपुरवा

     

    विधानसभा क्षेत्र में असीम अरुण ने वादों से बढ़कर काम किए हैं। जिला एवं सत्र न्यायालय में भी सुंदरीकरण कराया है। इसके अलावा निधि से धार्मिक स्थलों को संवारने का काम किया है। सुंदरीकरण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए, तभी खुशहाली आएगी और लोग संपन्न होंगे।

    -कृष्णकांत यादव निवासी तिलपई

    विधायक के शब्दों में रिपोर्ट

    Quote Aseem

    चुनावी माहौल हो या कोई कार्यक्रम, हम कभी लुभावने वादे नहीं करते हैं। जनता से किए गए वादों पर काम हुआ है। कंपोजिट विद्यालयों में शिक्षा का स्तर बढ़ने के साथ छात्र संख्या बढ़ रही है। महानगरों की मंडी की अपेक्षा अब किसान विशिष्ट मंडी ठठिया में आलू बिक्री करते हैं। अनाज बिक्री शुरू हो चुकी है। जल्द बड़े पैमाने पर फल और सब्जियों की बिक्री शुरू होगी। सड़कों का निर्माण मानक और गुणवत्ता के साथ कराया गया है। धार्मिक स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक सप्ताह स्वयं वह अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण करते हैं। मानक विहीन निमार्ण मिलने पर ठेकेदारों पर कार्रवाई की गई है। जनता की राय और विचार से विकास कराना प्राथमिकता है। नई बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिकता से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जलभराव वाले स्थानों पर सीसी सड़क का निर्माण कार्य कराया गया है।

    -असीम अरुण समाज कल्याण राज्यमंत्री व सदर विधायक

     

    वादों के अनुसार असीम अरुण ने बहुत सारे अच्छे काम भी कराए हैं, शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिक स्कूलों का सुंदरीकरण हुआ है। किसानों और नौजवानों की बड़ी समस्या है। वादे के अनुसार आलू का सही मूल्य किसानों को नहीं मिल पा रहा है और न ही माइनरों की सफाई कराई गई। व्यापारी मंदी से परेशान हैं और छात्रों को छात्रवृत्ति भी नहीं मिल पा रही है। चौकी से लेकर अधिकारियों के कार्यालयों में बगैर पैरवी या चढ़ावा के कोई काम नहीं हो रहा है। असीम अरुण ने किसानों से किए वादे के मुताबिक आलू कारखाना की स्थापना भी नहीं कराई है।

    -समरजीत दोहरे, बसपा प्रत्याशी

    विधानसभा पर एक नजर

    • कुल मतदाता- 3,62,346
    • पुरुष मतदाता- 1,99,410
    • महिला मतदाता- 1,62,927