By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey Published: Sun, 29 Jun 2025 04:42 PM (IST)
कन्नौज में एक भाई ने अपनी ब्यूटी पार्लर संचालिका बहन का 70 हजार में सौदा कर मंदिर में शादी करा ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, कन्नौज। भाई ने ब्यूटी पार्लर संचालिका का 70 हजार में सौदा कर मंदिर में युवक से शादी करा दी। एक रात दूल्हे के साथ ठहरने के बाद सुबह होते ही दुल्हन ने फोन कर पुलिस को बुला लिया। युवक के साथ न रहने की जिद करते हुए दुल्हन ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे पुलिस दूल्हे और दुल्हन को लेकर थाने पहुंची। यहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत चली, तो दूल्हे और दुल्हन के भाई ने खरीद-फरोख्त को स्वीकार कर लिया।
दुल्हन के भाई ने दूल्हे को 40 हजार रुपये भी लौटा दिए, लेकिन समझौता नहीं हो सका। ठठिया थाना क्षेत्र के गांव पलटेपुर्वा निवासी 45 वर्षीय रामचंदर यादव के घर से शनिवार सुबह छह बजे एक युवती ने डायल 112 पुलिस को फोन किया। पुलिस के पहुंचने पर युवती ने बताया कि वह कानपुर देहात के थाना घाटमपुर के एक गांव की रहने वाली है। वह ब्यूटी पार्लर संचालिका है।
शुक्रवार को उसके भाई ने 70 हजार रुपये में रामचंदर के हाथ उसे बेच दिया। धमकी देकर गांव के मंदिर में जबरन उसकी शादी करा दी। रामचंदर की उम्र उससे दोगुनी है। वह साथ नहीं रहना चाहती है। इससे पुलिस युवती को और रामचंदर को थाने लेकर पहुंची। यहां घर जाने की जिद करते हुए युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। शाम को पुलिस ने फोन कर युवती के भाई को भी थाने बुला लिया।
युवती के भाई ने रामचंदर से बहन की शादी कराने पर 70 हजार रुपये में बिक्री को स्वीकार करते हुए 40 हजार रुपये उसे लौटा दिए। इसके बाद भी दोनों पक्षों में समझौता नहीं हुआ। वहीं रामचंदर ने भी युवती और उसके भाई के खिलाफ रुपये लेने की तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक जेपी शर्मा ने बताया कि सौदेबाजी घाटमपुर में हुई तो वहीं से कार्रवाई होगी। युवती की शिकायत पर छानबीन की जा रही है। अगर उसके साथ पटलेपुर्वा में कोई घटना हुई, तो तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं रामचंदर का कहना है कि उससे एक लाख रुपये लिए गए हैं। अगर उसकी दुल्हन साथ नहीं रहना चाहती है, तो उसके पूरे रुपये लौटा दिए जाएं।
वहीं एसपी विनोद कुमार का कहना है कि युवती की अगर बिक्री हुई, तो गंभीर प्रकरण है। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिता के आत्महत्या करने की धमकी पर लिए सात फेरे
ब्यूटी पार्लर संचालिका ने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक हालत कमजोर है। बिक्री करने वाले भाई की भी अभी शादी नहीं हुई है। शुक्रवार को रामचंदर जब उसके घर पहुंचा, तो उसने शादी करने से इन्कार कर दिया।
रामचंदर ने पिता को शराब पिला दी थी। इससे पिता ने शादी न करने पर आत्महत्या की धमकी दी। इससे वह मंदिर में सात फेरे लेने के लिए तैयार हो गई।
सहेली ने फोन कर बताया कि 70 हजार में हुई बिक्री
थाने में पुलिस की पूछताछ करने पर ब्यूटी पार्लर संचालिका ने बताया कि उसके भाई ने उसकी 70 हजार में बिक्री की। यह उसे पता नहीं था। शनिवार की सुबह उसकी एक सहेली ने फोन कर बताया कि क्षेत्र में चर्चा है कि 70 हजार में रामचंदर ने उसे खरीद कर शादी की है। पूछने पर रामचंदर ने भी बताया कि अधिक उम्र के कारण उसकी शादी नहीं हुई है। इससे उसने रुपये देकर उसे खरीद लिया है।