Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कन्नौज में लापरवाही सिस्टम ने ले ली एक मासूम की जान, घर के बाहर खेलते हुए खुले नाले में गिरने से मौत

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 07:19 PM (IST)

    गुरसहायगंज में घर के बाहर खुले नाले में गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम इशू की मौत हो गई। बच्चों के साथ खेलते समय हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नाले ...और पढ़ें

    नाला के पास बैठे रोते बिलखते स्वजन। जागरण

    नाला के पास बैठे रोते बिलखते स्वजन। जागरण

    HighLights

    1. घर के बाहर खेल रहा था डेढ़ वर्षीय बालक इशू

    2. अब नाला को ढकने का काम करेगा विभाग

    संवाद सूत्र, गुरसहायगंज(कन्नौज)। बच्चों के साथ खेल रहा डेढ़ वर्षीय बालक घर के बाहर खुले नाला में गिर गया। बच्चों की चीख-पुकार सुन कर पहुंचे स्वजन ने बालक को नाले से बाहर निकाला। उसको निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया।

    कस्बा के मुहल्ला राजेन्द्र नगर निवासी सुंदरम का डेढ़ वर्षीय पुत्र इशू शनिवार की सुबह करीब नौ बजे घर के बाहर चबूतरे पर बच्चों के साथ खेल रहा था। तभी वह खेलते-खेलते घर के बाहर से गुजरे खुले नाला में गिर गया। बालक को नाला में गिरा दिखा अन्य बच्चों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया, जिस पर पहुंचे स्वजन ने आनन-फानन बालक को नाले से बाहर निकाला। उसको लेकर फर्रुखाबाद के निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। इससे स्वजन में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। दोपहर बाद स्वजन ने बालक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। ईशू दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते है।

    सुंदरम का जिस जगह पर सड़क किनारे मकान बना है, वह कस्बा से बाहर है।उसके मकान के पीछे बस्ती है और दूर-दूर मकान बने हैं। सुंदरम के मकान के सामने करीब 600 मीटर लंबा और चार फीट गहरा नाला बना है।खुले नाले को पाटने के लिए नगर पालिका से कभी मांग नहीं की गई है। हादसे के बाद बस्ती के लोगों ने नाला पाटने की मांग की है। इस पर अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि घर के सामने नाले का पटवाने का कार्य किया जाएगा।

    एक दिन पहले औरैया में भी नाले में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की हुई थी मौत

    औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नरायनपुर में गुरुवार देर शाम खेलते समय तीन वर्षीय मासूम घर के बाहर नाले में गिर गया। बच्चा न मिलने पर स्वजन ने पूरे मोहल्ले में तलाश की। अंत में उन्होंने पुलिस का सहारा लिया। गुमशुदगी के लिए कोतवाली में तहरीर दी। जिसके बाद स्वजन के अलावा पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुट गई। किसी का ध्यान घर के बाहर बने नाले में नहीं गया। बच्चा पूरी रात नाले में ही पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह जब सफाई कर्मी आए नाला साफ करने आए तब बच्चे का शव नाले से निकाला गया लेकिन तब तक बच्चे की जान जा चुकी थी।