कन्नौज में भ्रष्ट अधिकारी पर गिरी गाज, 10 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में वीडीओ निलंबित
कन्नौज के महमूदपुर खास में जल निकासी के भुगतान से 10 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में ग्राम विकास ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
वीडीओ प्रियांशू 10 हजार रुपये रिश्वत लेने पर निलंबित।
महमूदपुर खास में जल निकासी भुगतान से ली थी घूस।
डीडीओ प्रतिभा जायसवाल ने की कार्रवाई, उमर्दा से संबद्ध।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। ग्राम पंचायत महमूदपुर खास में तैनात वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) को जल निकासी के भुगतान से 10 हजार रुपये लेने पर डीडीओ ने निलंबित कर दिया है। निलंबित वीडीओ को उमर्दा ब्लाक से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा उमर्दा बीडीओ को 15 दिन के अंदर साक्ष्य समेत जांच पूरी कर आरोप पत्र देने के निर्देश दिए हैं।
महमूदपुर खास की ग्राम प्रशासक धनदेवी ने विधायक अर्चना पांडेय से लिखित शिकायत की थी। जिसमें कहा कि ग्राम पंचायत में भारी बारिश के कारण तालाब के पास रहने वाले व्यक्तियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बीमारियां फैल रही हैं।
तालाब से जल निकासी का पीएफएमएस के तहत 29 हजार 900 रुपये का भुगतान ग्राम प्रशासक की तरफ से बतौर मेठ की भूमिका निभाने वाले राहुल उर्फ प्रेमरतन त्रिपाठी को किया गया था। जिसमें से 10 हजार रुपये स्वयं ग्राम विकास अधिकारी प्रियांशू ने राहुल से लिए और बाकी के 19 हजार रुपये तालाब की जल निकासी के संबंध में खर्च दिखाए।
मामले की जांच में बीडीओ दीपांकर आर्य ने वीडीओ द्वारा राहुल से 10 हजार रुपये लिया जाना पाया। वीडीओ भुगतान की पूर्ण पत्रावली उपलब्ध नहीं करा सके और आरोप सही पाए गए।
जिस पर डीडीओ प्रतिभा जायसवाल ने आचरण के विपरीत कार्य करने, पदीय दायित्वों का निर्वहन न करने, मनमाने ढंग से कार्य करने के आरोप में ग्राम विकास अधिकारी प्रियांशू को निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि के दौरान वह विकास खंड उमर्दा से संबद्ध रहेंगे।
