Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बुलडोजर के आगे लेटकर महिला ने रुकवाया मंदिर सड़क का निर्माण, प्रशासन जांच में जुटा

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 12:00 AM (GMT+05:30)

    सौरिख में शीतला देवी मंदिर की सड़क का निर्माण एक महिला ने अपने बेटों के साथ बुलडोजर के आगे लेटकर रुकवा दिया। नगर पंचायत ने सरकारी कार्य में बाधा की शि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. महिला ने बेटों संग बुलडोजर के आगे लेटकर काम रोका।

    2. नगर पंचायत ने सरकारी कार्य में बाधा डालने की शिकायत की।

    3. महिला ने मारपीट व पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया।

    संवाद सूत्र, सौरिख(कन्नौज)। शीतला देवी मंदिर की प्रस्तावित सड़क का निर्माण शुरू कराया गया तो महिला ने पुत्रों के साथ बुलडोजर के आगे लेट कर काम रुकवा दिया। इससे हलचल मच गई। नगर पंचायत ने सरकारी कार्य में बाधा डालने की शिकायत की है। वहीं, महिला ने मारपीट करने व पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिए गए। जिलाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

    नगर पंचायत की ओर से लिपिक ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि आंबेडकर नगर की जनता की मांग पर शंकरपुर रोड से शीतला देवी मंदिर तक करीब 200 मीटर सड़क निर्माण स्वीकृत हुआ है। शनिवार को निर्माण शुरू कराया गया। इस बीच बीना यादव पत्नी शिवराम यादव एवं उनके पुत्र शीलू यादव व रजत यादव ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। हंगामा कर बुलडोजर सहित अन्य मशीनों का कार्य रुकवा दिया।

    इससे सार्वजनिक निर्माण प्रभावित हुआ। नगर पंचायत ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई कर निर्माण कार्य सुचारु रूप से शुरू कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, बीना यादव ने समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 27 जून को सड़क निर्माण के लिए पहुंचे ठेकेदार से कुछ समय देने का आग्रह किया। उन्होंने अनसुना कर दिया। अफरा-तफरी के बीच गिरने से उनके पैर में गंभीर चोट आई। महिला का यह भी आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र के साथ भी अभद्रता की गई। उन्होंने मारपीट किए जाने व पुलिस के सुनवाई न करने की भी बात कही। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रभारी निरीक्षक जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।