अखिलेश यादव बोले- कानपुर की पहचान लौटाएंगे, लाल इमली मिल दोबारा चालू कराने का वादा
अखिलेश यादव ने कानपुर में भाजपा सरकार पर हमला बोला, शहर के बजबजाते नाले और बंद मिलों पर सवाल उठाए। उन्होंने 'किडनी भाई' कांड का जिक्र करते हुए गरीबों ...और पढ़ें
-1775659235904_m.webp)
HighLights
पत्रकारवार्ता कर सरकार पर बोला हमला, बोले, शहर में कालीन, कोडीन के बाद किडनी भाई को बोलबाला
नौबस्ता के पहाड़पुर में निजी सुरक्षा संभालने वाले लाला पहलवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे सपा मुखिया
जागरण संवाददाता, कानपुर। सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि शहर के बजबजाते नाले बीजेपी की स्थिति बयां कर रहे हैं। कानपुर में मिलें बंद पड़ी हैं। अब लाल टोपी वाले ही इमली लाल चलवाएंगे। वहीं, किडनी कांड के खुलासे पर बोले, यहां पहले कालीन भाई, फिर कोडीन और अब किडनी भाई का बोलबाला है।
आरोप लगाया कि भाजपा के राज में गरीबों की किडनी निकाली जा रही हैं। सरकार को चाहिए कि इनके पीछे असली खिलाड़ी का राजफाश करे। जर्जर सड़कों पर कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इंजीनियरिंग कर रहे हैं तो सड़कें कैसे अच्छी होंगी। उन्होंने अपने कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि जब वह अधिकारियों के साथ सड़कें बनाने की मीटिंग करते थे तो बिरहाना रोड का हवाला देते थे। सौ साल बाद भी सही है, हमने इसी तर्ज पर शुक्लागंज से उन्नाव तक साइकिल ट्रैक और सड़क बनवाईं। वहां आज भी गड्ढे नहीं हैं। अब सड़क बनने से पहले ही कमीशन सेट हो जाता है, इसलिए ठेकेदार अच्छी सड़कें नहीं बनाते हैं।
यहां आए थे अखिलेश यादव
बुधवार सपा मुखिया नौबस्ता पहाड़पुर के तुलसीपुर में रहने वाले रंजन सिंह यादव उर्फ लाला पहलवान के घर पहुंचे थे, जो उनकी राजनीति के शुरुआती दिनों में सुरक्षा का जिम्मा संभालते थे। बीते 27 फरवरी को उनका हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। लाला पहलवान को श्रद्धांजलि और उनकी पत्नी मीना, बेटे सूर्यांश और बेटी अंशिका से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
सपा सरकार की गिनाई उपलब्धियां
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि शहर आने के दौरान उन्हें मेट्रो लाइन दिखाई पड़ी, जो उनकी सरकार की ही देन है। इसके अलावा पनकी की चिमनी, भोगनीपुर से लेकर घाटमपुर तक किए गए विकास कार्य गिनवाए। कहा कि हमारी सरकार ने तय किया था कि कानपुर, इटावा, कन्नौज इंडस्ट्रियल ट्रैंगल का निर्माण कराएंगे, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिल सके। हालांकि सरकार आने पर लाल टोपी वाले ही लाल इमली समेत अन्य बंद पड़ी मिलें चलवाकर लोगों को रोजगार मुहैया कराएंगे।
खबरें और भी
'कानपुर को बदनामपुर कर डाला'
बोले, शहरकी पहचान उद्योगों के लिए हुआ करती थी, जो बंद पड़े हैं। इस सरकार ने कानपुर को बदनामपुर बना डाला है। अब इसकी पहचान गाड़ी पलटने और मां-बेटी को जिंदा झोपड़ी में जलकर मरने के लिए होती है। दुष्कर्म आरोपितों के साथ यहां के नेताओं की तस्वीरें प्रचलित होती हैं। रही-सही कसर प्रीपेड मीटर के जरिए पूरी कर दी गई है। ये प्री पीड़ित मीटर हैं, जिसमें लाखों का बिल आ रहा है। सरकार ने शिक्षा मित्रों का मानदेय बढ़ाकर उन्हें कनपुरिया अंदाज में कहें तो सिर्फ गोली थमा दी है। समाजवादी लोग ही इन्हें न्याय दिलाएंगे।
'इलेक्शन कमीशन हट जाए तो चुनाव निष्पक्ष हो जाएंगे'
चुनाव आयोग के एक्स पर किए पोस्ट पर कहा कि इलेक्शन कमीशन हट जाए, तो चुनाव निष्पक्ष हो जाएंगे। इस दौरान उनके स्वागत में विधायक नसीम सोलंकी, अमिताभ बाजपेई, हसन रूमी, जिलाध्यक्ष फजल महमूद, ओम प्रकाश मिश्रा, पूर्व विधायक सतीश निगम, इरफान सोलंकी, मनोरमा त्रिवेदी, अर्पित यादव और प्रवीण सिंह यादव बंटी समेत तमाम सपाई माैजूद रहे।
जल्द ओटीटी पर रिलीज हो सकी है नई फिल्म गांजागंज
भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लेकर बोले, यूपी में एक फिल्म रिलीज हुई थी। वह पर्दे पर आने से पहले ही फ्लाप हो गई, लेकिन जल्द ही ओटीटी पर गांजा गंज नाम से नई फिल्म रिलीज होगी, क्योंकि शहर में गांजा खूब पकड़ा जा रहा है। वहीं बीजेपी के धुरंधर फिल्म के रहमान डकैत को अखिलेश यादव बता पोस्टर लगाने के मामले में कहा कि अब नया किरदार आने जा रहा है, धुआंधार। इसमें सिर्फ धुआं उठता दिखाई देगा। मुख्य किरदार सबको पता है कौन होगा।