कानपुर में अनुराग ठाकुर ने अयोध्या पर विपक्ष को घेरा, बोले - राम मंदिर का विरोध करने वाले अब उठा रहे सवाल
कानपुर में अनुराग ठाकुर ने अयोध्या राम मंदिर के चंदा चोरी आरोपों पर कांग्रेस और सपा पर हमला बोला, कहा कि राम मंदिर का विरोध करने वाले अब सवाल उठा रहे ...और पढ़ें
-1781604018665_m.webp)
नवीन मार्केट मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्टाफ कर्मियों के साथ मुलाकात की।
HighLights
राम मंदिर चंदा चोरी पर विपक्ष पर अनुराग ठाकुर का हमला।
केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल को बताया परिवर्तनकारी।
नीट परीक्षा पारदर्शिता हेतु सेना की मदद का सुझाव।
जागरण संवाददाता, कानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो दल वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध करते रहे, वही अब मंदिर को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसके लिए एसआईटी का गठन किया जा चुका है, जांच भी होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
कानपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के लिए परिवर्तनकारी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के सबसे बेमिसाल वर्षों में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास, बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में जितना काम किया है, उतना किसी भी पूर्ववर्ती सरकार ने नहीं किया। उनका कहना था कि देश आज वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और जनता लगातार भाजपा सरकार की नीतियों पर विश्वास जता रही है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वहां की स्थिति टीएमसी सरकार के प्रति बढ़ते असंतोष को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से लूट और भ्रष्टाचार की राजनीति चल रही थी। यही कारण है कि अब वहां के कई जनप्रतिनिधि पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में सांसदों और नेताओं का दूसरी पार्टियों की ओर रुख करना टीएमसी के भीतर व्याप्त भय और असंतोष का संकेत है।
खबरें और भी
नीट परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहले ही सरकार का पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के आयोजन में सेना और वायुसेना जैसी संस्थाओं की सहायता लेने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष बन सके। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है।