विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में युवक की बेरहमी से हत्या: कार की छत पर लिटाकर 1.5 KM तक घुमाया, फिर कुचलकर मार डाला

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:47 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 22 Oct 2026 10:17 AM (GMT+05:30)

कानपुर में दशहरे मेले से लौट रहे युवक बीरू सिंह भदौरिया की पुरानी रंजिश में बेरहमी से हत्या कर दी ...और पढ़ें

HighLights

  1. रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप, अंगुलियां कार के शीशे में फंसाकर घुमाते रहे

  2. अर्रा रोड में मंगलवार रात हुई वारदात, दशहरा मेला देखकर लौट रहा था युवक 

  3. हत्या कर मुकदमा और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए स्वजन ने किया हंगामा

जागरण संवाददाता, कानपुर। हनुमंत विहार में दशहरा मेला देखकर लौट रहे युवक की रंजिश में बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने पहले कार से टक्कर मारकर उसे गिराया, फिर कार की छत पर लिटाकर उसके दोनों हाथ खिड़कियों के शीशों में फंसाकर लाक कर दिए और करीब डेढ़ किमी तक तेज रफ्तार में कार दौड़ाते रहे।

इसके बाद एक ट्रेडिंग कंपनी के पास उसे फेंककर कार से कुचलते हुए भाग निकले, जिससे उसकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर स्वजन ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया, जिस पर पुलिस ने हत्या की धारा बढ़ाने का आश्वासन देकर शांत कराया। घटना के फुटेज भी सामने आए हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

Kanpur Murder

बच्चों के साथ मृतक बीरू की पत्नी रीना। जागरण

हनुमंत विहार के अर्रा रोड निवासी 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया सब्जी मसाले बनाने वाली कंपनी में सेल्समैन थे। परिवार में पत्नी रीना और बेटियां व एक बेटा है। पिता राम शंकर सिंह ने बताया कि सोमवार को बीरू का खाड़ेपुर नई बस्ती निवासी राजवीर और मेवालाल से विवाद हुआ था।

आरोप है कि मंगलवार रात दशहरा मेला देखकर लौटते समय मेवालाल ने अपनी कार से बीरू को पीछे से टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद राजवीर और कार में मौजूद अन्य साथियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे कार की छत पर लिटाकर दोनों हाथ खिड़कियों के शीशों में फंसा दिए।

आरोपित उसे गलियों में घुमाते हुए राजेंद्र नगर तक ले गए, जहां अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास फेंककर कार चढ़ा दी। वहां से गुजर रहे देवेंद्र सिंह चौहान ने स्वजन को सूचना दी।

स्वजन उसे निजी अस्पताल के रेफर करने पर एलएलआर अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने बताया कि बीरू के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। उसके दोनों हाथों की अंगुलियां भी कुचली हुई थीं।


दो दर्जन कैमरों में घटना कैद

घटना से जुड़े कई कैमरों के फुटेज सामने आए हैं, जिनमें कार तेजी से दौड़ती दिखाई दे रही है। उसकी छत पर युवक फंसा नजर आ रहा है। स्वजन का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बजाय टरकाने का प्रयास किया।

फिर भी सड़क हादसे में अज्ञात पर मुकदमा

आरोप है कि थानाध्यक्ष ने कार से टक्कर लगने और छत पर युवक के होने की जानकारी न होने की आशंका जताई। इससे स्वजन नाराज हो गए और शव घर ले जाकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने बड़े भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ सड़क हादसे में मुकदमा दर्ज किया।

लोकेशन जहानाबाद मिली

स्वजन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस के मुताबिक कार मेवालाल की है। कार नंबर और आरोपितों के मोबाइल की लोकेशन फतेहपुर के जहानाबाद मिली है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें- कानपुर में सड़क हादसों का कहर: मेडिकल छात्र सहित तीन की मौत, एक घायल

यह भी पढ़ें- नीलामी में खरीदी खराब सीमेंट कानपुर एयरपोर्ट-CM ग्रिड में की सप्लाई; मेरठ से आरोपित गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।