कानपुर में दिनदहाड़े बुर्का पहनकर कारोबारी के घर में घुसे बदमाश, तिजोरी काटने से पहले बहू ने दिखाई हिम्मत, दोनों दबोचे
कानपुर के श्यामनगर में बुर्का पहने दो बदमाशों ने एक प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी के घर में घुसकर लूट का प्रयास किया और महिलाओं पर हमला किया। बहू की बहादुर ...और पढ़ें

चकेरी श्यामनगर में लूट के इरादे से भाई से साथ प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी के घर घुसा था। पकड़े जाने के बाद आरोपित भीड़ से हाथ जोड़ते हुए। इसके पीछे आरोपित का छोटा भाई इंटरमीडिएट का छात्र । - वीडियो वेब
HighLights
महिलाओं को बंधक बनाकर तिजोरी काटने की थी तैयारी, बहू ने मचाया शोर भीड़ ने धर दबोचा
दिन के उजाले में घर में घुसे बदमाश, पुलिस बोले लूट नहीं चोरी के इरादे से आए थे आरोपित
संवाद सहयोगी, कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर ई-ब्लाक में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी के घर बुर्का पहनकर घुसे दो बदमाशों ने लूट की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने घर में मौजूद सास-बहू पर लोहे की राड से हमला कर दिया। बदमाश महिलाओं को बंधक बनाकर अलमारी और तिजोरी काटने की तैयारी में थे, लेकिन बहू की सूझबूझ और साहस से उनकी योजना विफल हो गई।
बहू किसी तरह बदमाशों को धक्का देकर मुख्य गेट खोल बाहर निकली और शोर मचा दिया। इसके बाद राहगीरों और आसपास के लोगों ने दोनों आरोपितों को दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
श्यामनगर ई-ब्लाक निवासी राजेंद्र दधिचि लालबंगला में प्रिंटिंग प्रेस का कारोबार करते हैं। शनिवार सुबह वह बेटे महर्षि के साथ दुकान चले गए थे। घर पर उनकी पत्नी राधा दधिचि, बहू शैली और दो छोटे बच्चे मौजूद थे। दोपहर करीब एक बजे बच्चों के स्कूल से लौटने का समय होने के कारण मुख्य गेट का ऊपरी खटका बंद था, जबकि नीचे की कुंडी खुली थी। इसी दौरान बुर्का पहने दो युवक गेट खोलकर घर में घुस आए और महिलाओं को चुप रहने का इशारा किया।
राधा दधिचि ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि कोई परिचित होगा, लेकिन दोनों की हरकतें संदिग्ध लगीं। बहू शैली की नजर उनके स्पोर्ट्स जूतों पर पड़ी तो उसे संदेह हुआ कि बुर्के में पुरुष हैं। उसने गेट बंद करने का प्रयास किया, लेकिन तभी दोनों हमलावर हो गए। आरोपितों ने शैली की गर्दन दबा दी और लोहे की राड से हमला कर दिया। वहीं 60 वर्षीय राधा के बाल पकड़कर उन्हें कई बार गेट और दीवार से टकराया।
हमले के बीच शैली ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को धक्का दिया, किसी तरह मुख्य गेट खोलकर बाहर निकल आई और जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख दोनों आरोपित भागने लगे, लेकिन लोगों ने उनका पीछा कर चाणक्यपुरी चौराहे के पास दबोच लिया। भीड़ ने दोनों की पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपित चोरी के इरादे से आए थे। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी
खबरें और भी
बैग में मिले ग्लाइंडर, रस्सी और दस्ताने
पकड़े गए आरोपितों के पास से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें ग्लाइंडर, रस्सी, लोहे की राड, कटिंग के औजार और दस्ताने मिले। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि आरोपित बंधक बनाकर लूट और हत्या के इरादे से आए थे। फिंगरप्रिंट न छूटें, इसलिए उन्होंने दस्ताने पहन रखे थे। भीड़ के पकड़ने पर दोनों ने बुर्का उतार दिया और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे।
रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित परिवार के अनुसार दोनों युवक वारदात से पहले करीब एक घंटे तक पार्क और आसपास के इलाके में घूमकर रेकी कर रहे थे। आरोपितों के एक रिश्तेदार के घर आना-जाना था, इसलिए उन्हें घर की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। वहीं पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों आरोपितों में एक स्नातक और दूसरा इंटरमीडिएट का छात्र है।
प्रारंभिक पूछताछ में चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी परिचित या रिश्तेदार की भूमिका तो नहीं रही। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग श्यामनगर चौकी पहुंचे और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।