Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    UP News: रिश्वत ले रहे थे चकबंदी कानूनगो और लेखपाल, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

    Updated: Thu, 01 Aug 2024 08:22 AM (IST)

    कानूनगो व लेखपाल जब पीड़ित से घूस ले रहे थे तभी दोनों को दबोच लिया गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक चंद्रभान सिंह की तहरीर पर दोनों के खिलाफ म ...और पढ़ें

    भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई के बाद सरसौल में कार्यालय के बगल में हाईवे किनारे सहमे खड़े चकबंदी कर्मी। जागरण
    भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई के बाद सरसौल में कार्यालय के बगल में हाईवे किनारे सहमे खड़े चकबंदी कर्मी। जागरण

    HighLights

    1. सरसौल स्थित सहायक चकबंदी कार्यालय में भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने की कार्रवाई
    2. चकबंदी प्रक्रिया के तहत चक काटने व रकबा कम न करने के नाम पर मांग रहे थे घूस

    संवाद सहयोगी, महाराजपुर (कानपुर)। नर्वल तहसील के सहायक चकबंदी कार्यालय सरसौल में कार्यरत कानूनगो विनोद कुमार गौतम व लेखपाल सूरज सिंह यादव को भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया। शिकायतकर्ता से लेखपाल तीन माह से चक काटने व रकबा कम न करने के नाम पर 30 हजार रुपये मांग रहा था।

    बुधवार सुबह कानूनगो व लेखपाल जब पीड़ित से घूस ले रहे थे, तभी दोनों को दबोच लिया गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक चंद्रभान सिंह की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

    सरसौल पशु चिकित्सालय के बगल में स्थित सहायक चकबंदी कार्यालय में कानूनगो विनोद गौतम व लेखपाल सूरज सिंह कार्यरत हैं। नर्वल के टीकरभाऊ निवासी दिव्यांग नवल किशोर शुक्ला ने बताया कि गांव में चकबंदी चल रही है। उनके व बड़े भाई नंद किशोर शुक्ला के बीच लगभग 21 बीघा जमीन है, जिसमें लगभग साढ़े तीन बीघा जमीन का चक कटना था।

    रिश्वत में मांगे थे 30 हजार रुपये

    आरोप है कि तीन माह से क्षेत्रीय लेखपाल सूरज यादव उक्त जमीन की न तो पैमाइश कर रहा था, न ही चक काट रहा था। इसके लिए वह 30 हजार रुपये मांग रहा था। इस पर पीड़ित ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन को जानकारी दी, जिसके बाद रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे जैसे ही कानूनगो व लेखपाल ने रुपये लिए वैसे ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कानूनगो विनोद गौतम उन्नाव के पूरन नगर व लेखपाल सूरज यादव उन्नाव के ही बारासगवर के बारा गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को महाराजपुर थाने लाकर कई घंटे पूछताछ की गई।

    भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि कानूनगो विनोद गौतम व लेखपाल सूरज यादव को किसान से 10 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया है, गुरुवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा। वहीं जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कानूनगो व लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है।

    खबरें और भी

    इसे भी पढ़ें: कानपुर में घुसपैठियों पर कसा शिकंजा, पुलिस व LIU ने बस्ती में की छापेमारी; 50 परिवारों के जांचे गए दस्तावेज