CSJMU Kanpur का 61वें स्थापना दिवस समारोह कल होगा खास, जानें पूरे कार्यक्रम का शेड्यूल
कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 7 से 14 फरवरी तक 61वां स्थापना दिवस समारोह 'ग्लोरियस पास्ट, ब्राइट फ्यूचर' थीम पर आयोज ...और पढ़ें

HighLights
7-14 फरवरी तक 61वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित।
'ग्लोरियस पास्ट, ब्राइट फ्यूचर' थीम पर आधारित।
शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक कार्यक्रमों का सप्ताह भर आयोजन।
जागरण संवाददाता, कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) में 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार से एक सप्ताह तक विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ‘ग्लोरियस पास्ट, ब्राइट फ्यूचर’ थीम पर 7 से 14 फरवरी तक चलेगा। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डा. दिवाकर अवस्थी ने कहा कि शनिवार से स्थापना दिवस सप्ताह का शुभारंभ संगोष्ठी से होगा। इसमें विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियां और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी अपने विचार साझा करेंगे। इसी दिन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से डीपफेक इन डिजिटल मीडिया विषय पर कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। जिसमें छात्रों को डिजिटल मीडिया में फैलने वाली गलत जानकारी की पहचान और उससे बचाव की जानकारी दी जाएगी।
रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विश्वविद्यालय परिसर, छात्रावासों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश देंगे। वहीं दीन दयाल शोध केंद्र द्वारा विश्वेश्वर महादेव मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को स्थापना दिवस के दिन हवन पूजन कार्यक्रम से शुरुआत होगा। इसके बाद विश्वविद्यालय में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
यह है कार्यक्रमों की रूपरेखा
- 10 फरवरी को वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्र सामाजिक और समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
- 11 फरवरी को योग शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें योगासन और प्राणायाम के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
- 12 फरवरी को रक्तदान शिविर लगेगा, जहां छात्र और कर्मचारी रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश देंगे।
- 13 फरवरी को रंगोली और वाल पेंटिंग प्रतियोगिता से परिसर रंग-बिरंगा नजर आएगा।
- 14 फरवरी रस्सा-कसी प्रतियोगिता के साथ स्थापना दिवस सप्ताह का समापन होगा।