CSJMU Kanpur में बीए ऑनर्स इतिहास पाठ्यक्रम शुरू, प्रतियोगी परीक्षाओं पर विशेष फोकस
सीएसजेएमयू कानपुर के स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में नए सत्र से बीए (ऑनर्स) इतिहास पाठ्यक्रम शुरू होगा। अप्रैल से प्रवेश प्रक्रिया श ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल आफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में नए शैक्षणिक सत्र से बीए (आनर्स) इतिहास पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया अप्रैल माह से शुरू होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अब विश्वविद्यालय स्तर पर ही विशेष रूप से तैयार पाठ्यक्रम का लाभ मिलेगा। इसमें विषय की गहराई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी विशेष फोकस रहेगा।
विश्वविद्यालय के स्कूल आफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में शुरू होने वाला यह पाठ्यक्रम अपनी तरह का पहला आनर्स प्रोग्राम होगा। इसे संघ लोक सेवा आयोग, प्रांतीय सिविल सेवा, संयुक्त रक्षा सेवा, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग प्रारंभिक पात्रता परीक्षा तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा, शोधवृत्ति जैसी परीक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पाठ्यक्रम में छात्रों को इतिहास विषय का गहन अध्ययन कराया जाएगा, साथ ही तथ्यात्मक ज्ञान को भी मजबूत किया जाएगा।
इसके अलावा उत्तर लेखन कौशल और विश्लेषणात्मक सोच के विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। आनर्स पाठ्यक्रम होने के कारण इसमें विषय की व्यापक और गहराई से पढ़ाई कराई जाएगी। सम सेमेस्टर में अंतर्विषयक पाठ्यक्रम भी शामिल किए जाएंगे, ताकि छात्रों का बहुआयामी विकास हो सके। स्कूल की निदेशक डा. किरण झा ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में 30 सीटो पर छात्र प्रवेश ले सकेंगे। विभाग के सहायक आचार्य डा. मोहित अवस्थी को पाठ्यक्रम का समन्वयक नियुक्त किया गया है।
इधर, होटल मैनेजमेंट के बीएचएमसीटी कोर्स के 26 छात्रों का हुआ चयन
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल आफ होटल मैनेजमेंट ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्लेसमेंट से नई उपलब्धि हासिल की है। बैचलर आफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलाजी (बीएचएमसीटी) पाठ्यक्रम के 26 छात्रों को डिग्री पूरी होने से पहले ही जाब आफर लेटर मिल गए हैं। संस्थान के निदेशक डा. सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष अंतिम सेमेस्टर के छात्रों का चयन देश के प्रतिष्ठित होटल और फूड ब्रांड्स में हुआ है। चयनित छात्रों को मैनेजमेंट ट्रेनी और एसोसिएट स्तर के पदों पर नियुक्ति मिली है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है।