विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपरफास्ट होगा दिल्ली-हावड़ा रेल कॉरिडोर, चौथी लाइन के लिए 2 महीने में तैयार होगी DPR

Published: Fri, 28 Aug 2026 11:51 AM (IST)

देश के व्यस्त दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर चौथी लाइन बिछाने की कवायद तेज हो गई है, जिससे ट्रेनों की गति ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली-हावड़ा रूट पर चौथी लाइन से बढ़ेगी ट्रेनों की गति।

  2. ट्रेनों की औसत गति 90-100 से 130-160 किमी/घंटा होगी।

  3. कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज तक तीसरी लाइन का सर्वे शुरू।

जागरण संवाददाता, कानपुर। देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल दिल्ली-हावड़ा अब जल्द ही चार लाइनों वाला होगा, इससे ट्रेनों की गति बढ़ेगी। अभी इस रूट पर ट्रेनों की औसत गति 90 से 100 किलोमीटर के बीच है, चौथी लाइन के बाद यह गति 130 से 160 किमी तक पहुंच जाएगी। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में कवायद तेज हो गई है।

गाजियाबाद-अलीगढ़ खंड पर वर्तमान में तीन लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन हो रहा है, जबकि चौथी लाइन के लिए सर्वे चल रहा है। अलीगढ़ से कानपुर सेंट्रल होकर प्रयागराज तक तीसरी लाइन के लिए सर्वे की शुरुआत इसी माह हो जाएगी। प्रयागराज से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) तक चौथी लाइन के लिए भी सर्वे अगले माह तक शुरू हो जाएगा।

दो माह में तैयार होगी डीपीआर

कानपुर सेंट्रल इस पूरे रेल कारिडोर का महत्वपूर्ण स्टेशन है। स्टेशन निदेशक अकांशु गोविल ने बताया कि उनके क्षेत्र में सर्वे पूरा कर करीब दो माह में डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। इसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

चौथी लाइन बनने से दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों के लिए अतिरिक्त क्षमता विकसित होगी। इससे व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों को रोकने और रास्ता देने की समस्या कम होने के साथ ही यात्री और मालगाड़ियों के परिचालन को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। माल परिवहन की क्षमता बढ़ने से परिवहन लागत में कमी आने और रेल परिवहन को अधिक कुशल एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में भी मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- एक ही पटरी पर आए दो इंजन और बज गई घंटी... 'कवच' ने रोकी रेल दुर्घटना

कानपुर सेंट्रल के लिए इसलिए अहम

दिल्ली-हावड़ा कारिडोर में कानपुर सेंट्रल प्रमुख परिचालन केंद्र है। चौथी लाइन और अन्य लाइन विस्तार का असर यहां से गुजरने वाली बड़ी संख्या में एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और मालगाड़ियों के परिचालन पर सीधे पड़ेगा। भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और गति सुधारने के लिए भी अतिरिक्त लाइन महत्वपूर्ण मानी जा रही है।