कानपुर चिड़ियाघर में वालाबी मादा कंगारू की मौत, गुजरात से लाई गई थी, कई दिन से थी बीमार
कानपुर चिड़ियाघर में एक मादा वालाबी (छोटा कंगारू) की बीमारी के कारण मौत हो गई। उसे पिछले साल गुजरात के वनतारा से लाया गया था और अस्पताल में उसका इलाज ...और पढ़ें

HighLights
पिछले वर्ष जनवरी में गुजरात के वनतारा से लाए गए थे दो जोड़े छोटे कंगारू
मसूड़ो में हुआ पेरियोडोंटाइटिस संक्रमण मस्तिष्क तक फैल गया
जागरण संवाददाता, कानपुर। वन्यजीव प्रेमियों के लिए दुखद खबर है। चिड़ियाघर में मादा वालाबी (छोटे कंगारू) की मौत हो गई है। उसके मसूड़ों में संक्रमण था। संक्रमण से उसके जबड़े खराब हो गए थे। यह संक्रमण मस्तिष्क तक पहुंच गया था। चिड़ियाघर के वन्यजीव चिकित्सक उसका इलाज कर रहे थे लेकिन उसको बचा नहीं सके। शव के पोस्टमार्टम में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसके नमूने जांच के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) भेजे जा रहे हैं।
चिडियाघर में गुजरात के वनतारा से जनवरी वर्ष 2025 में दो जोड़ी छोटे कंगारू के साथ, एक जोड़ी जेब्रा, चार स्कारलेट मकाऊ को लाया गया था। इसके बदले यहां से मादा गैंडा गौरी को भेजा गया था। इनमें से एक मादा वालाबी ने पिछले वर्ष सितंबर में बच्चे को जन्म भी दिया था। चिड़ियाघर में एक बच्चे को मिलाकर पांच वालाबी हो गए थे। सफेद रंग की मादा वालाबी के दांतों में संक्रमण होने से वह बीमार हो गई। उसे भोजन करने में भी परेशानी हो रही थी।
पिछले दो माह से चिड़ियाघर के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। बुधवार को उसकी मौत हो गई। चिड़ियाघर के निदेशक डा. कन्हैया पटेल ने बताया कि मादा वालाबी को पेरियोडोंटाइटिस संक्रमण हुआ था। संक्रमण की चपेट में मसूड़ों व दांतों को सहारा देने वाले ऊतक भी प्रभावित हो गए। संक्रमण फैलने से उसकी मौत हो गई। उसका पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। बालावी के शरीर के नमूने जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान भेजे जा रहे है। वहां की रिपोर्ट से स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।
उत्तर भारत के किसी चिड़ियाघर में कंगारू नहीं
उत्तर भारत में शहर के चिड़ियाघर के अतिरिक्त किसी चिड़ियाघर में वालाबी यानी छोटे कंगारू नहीं है। इनको देखने के लिए यहां दूसरे शहरों से भी पर्यटकों आते हैं। चिड़ियाघर में छोटे कंगारू व जेब्रा आने के बाद पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हुई थी। दो जोड़ी नर व मादा में सफेद नर की जोडीदार मादा कंगारू मरने के बाद अब तीन व्यस्क तथा एक बच्चा कंगारू ही रह गए हैं।
खबरें और भी
कंगारू आस्ट्रेलिया का वन्यजीव, पेट में थैली
कंगारू आस्ट्रेलिया का वन्यजीव है। इसके अगले पैर छोटे व पीछे पैर बड़े होते हैं। इसके पेट में थैली होती हैं जिसमें वह अपने बच्चे को रखता है। यह पीछे के पैरों पर उछल कर चलता है। यह अपने पैरों से कई फीट दूर तक छलांग लगा सकते हैं। कंगारू की छह प्रजातियां होती हैं, इनमें वालाबी भी शामिल है। ये सभी प्रजातियां आस्ट्रेलिया में पाई जाती है।