इरफान सोलंकी पर मुकदमा, बकरा मंडी में बकरा बाजार कमेटी पदाधिकारी से विवाद में फंसे पूर्व विधायक
कानपुर में पूर्व विधायक इरफान सोलंकी पर बकरा मंडी के एक पदाधिकारी से मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, सोलंकी के गनर की ओर से भी म ...और पढ़ें

इरफान सोलंकी।
HighLights
पूर्व विधायक इरफान सोलंकी पर मारपीट का आरोप
बकरा मंडी पदाधिकारी से विवाद, मुकदमा दर्ज
सोलंकी के गनर ने भी दर्ज कराई क्रॉस-रिपोर्ट
जागरण संवाददाता, कानपुर। सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार देर रात चमनगंज के हलीम ग्राउंड में लगने वाले बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारी से मारपीट, गालीगलौज और धमकाने के मामले में पीड़ित ने पूर्व विधायक व उनके साथियों पर मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं विधायक नसीम सोलंकी के गनर की ओर से भी बकरा मंडी कमेटी के पदाधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चमनगंज थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटकापुर निवासी वफा अब्बास ने बताया कि वह कई सालों से हलीम कालेज मैदान में पशुमेला लगा रहे हैं। मंगलवार देर रात 12 बजे पूर्व विधायक इरफान सोलंकी कुछ साथियों के साथ पहुंचे और उसका नाम लेकर गालीगलौज करने लगे। आरोप है कि वह पूर्व विधायक से बात करने पहुंचा तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। कमेटी के समीर फहम इकराम ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इसे लेकर पशु बाजार में आक्रोशित व्यापारियों ने हंगामा और नारेबाजी करते हुए इरफान सोलंकी मुर्दाबाद के नारे लगाए।
गनर की फाड़ दी वर्दी
वहीं इस मामले में विधायक नसीम सोलंकी की सुरक्षा में तैनात गनर अजीम अहमद ने वफा अब्बास, फहद, इमरान और 15 से 20 अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अजीम का कहना है कि वह विधायक नसीम सोलंकी के कहने पर सुरक्षा के लिहाज से हलीम कालेज चौराहे पर भीड़ देखने गया था। इस दौरान वफा अब्बास और उनके साथियों ने उसके साथ गालीगलौज और मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी और उसे धमकाया।
विधायक नसीम सोलंकी को सुरक्षित घर पहुंचाया
घटना के बाद उसने विधायक नसीम सोलंकी को सुरक्षित घर पहुंचाया। पुलिस ने गनर अजीम अहमद की तहरीर पर बलवा, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, धमकी, जानबूझकर अपमान करना, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, लोक सेवक को ड्यूटी करने से रोकने की धाराओं मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पशुमेला मंडी संचालक वफा अब्बास की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व विधायक इरफान सोलंकी व अन्य के खिलाफ जानबूझकर अपमानित करने, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और धमकाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
खबरें और भी
दोनों पक्षों की अलग कहानी
घटना को लेकर विधायक नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद का कहना कि वह दोपहर में विधायक के कहने पर हलीम कालेज गए थे। वहीं पशुमेला मंडी संचालक वफा अब्बास का कहना कि रात करीब 12 बजे पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने साथियों के साथ आए और उसे व कमेटी के साथियों के साथ मारपीट और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
- दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर क्रास रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अतुल कुमार श्रीवास्तव,डीसीपी सेंट्रल