विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा का अखिलेश पर हमला, बोले- जयंत चौधरी को चवन्नी कहना जाट समाज का अपमान

Published: Sun, 23 Aug 2026 04:40 PM (IST)

पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने सपा-कांग्रेस पर तीखे हमले किए, जयंत चौधरी को 'चवन्नी' कहने को पूरे जाट समाज ...और पढ़ें

गुजैनी स्थित दुर्गा प्रसाद विद्यानिकेतन में आयोजित ज्योतिष सम्मेलन में ज्योतिषों को सम्मानित करते पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा साथ में के ए दुबे पद्मेश | जागरण

 गुजैनी स्थित दुर्गा प्रसाद विद्यानिकेतन में आयोजित ज्योतिष सम्मेलन में ज्योतिषों को सम्मानित करते पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा साथ में के ए दुबे पद्मेश | जागरण

HighLights

  1. पूर्व डिप्टी सीएम ने कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना, परिवारवाद व राजनीतिक पर भी बोला हमला

  2. बोले, वंदेमातरम् के विरोध का अध्याय कांग्रेस के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा

जागरण संवाददाता, कानपुर। पूर्व डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने वंदे मातरम, परिवारवाद, नेताओं की सुरक्षा और जयंत चौधरी के मुद्दे पर सपा-कांग्रेस पर तीखे हमले किए। जयंत चौधरी को लेकर कहा कि सपा के उनको चवन्नी कहने से यह केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे जाट समाज का अपमान है।

उन्होंने कहा, चौधरी चरण सिंह सिर्फ जाट नेता नहीं, बल्कि सर्वमान्य किसान नेता थे। जयंत चौधरी ऐसी राजनीतिक विरासत से आते हैं, जिसमें देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की परंपरा रही है। ऐसे में उन पर चवन्नी से रुपया बनाने जैसी टिप्पणी करना उचित नहीं है। पूर्व डिप्टी सीएम रविवार को पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया के प्रतिष्ठान का उद्घाटन करने गोविंदनगर पहुंचे थे।

उन्होंने कांग्रेस के वंदेमातरम् के दो छंद गाने के फैसले को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि आजादी से पहले कांग्रेस का इतिहास गौरवशाली रहा, लेकिन आजादी के बाद उसका स्वरूप बदल गया। कांग्रेस के इतिहास में वंदेमातरम् के विरोध वाला अध्याय काले अक्षरों में लिखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन्ना और मुस्लिम लीग ने कभी वंदेमातरम् का विरोध किया था और अब कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी इसका विरोध कर रहे हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव के भाजपा को लेकर दिए बयान पर कहा कि भाजपा का मतलब उनके लिए भारत जान से प्यारा है। भाजपा सरकार पाकिस्तान के अंदर घुसकर जवाब देना जानती है।

उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि ये सभी भाजपा सरकार के दौरान हुए। आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के कुछ बयानों का इस्तेमाल पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र में अपने पक्ष में करता है। अखिलेश यादव के परिवार में पांच सांसद होने के मुद्दे पर भी उन्होंने सपा और कांग्रेस को घेरा।

कहा कि दोनों दल परिवारवाद का अनूठा उदाहरण हैं और परिवार से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इसी कारण दोनों का तेजी से पतन हो रहा है। विपक्षी नेताओं के चुनाव के समय ही जनता के बीच सक्रिय होने को उन्होंने पालिटिकल टूरिज्म करार दिया।

नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने के फैसले पर अखिलेश यादव के बयान को लेकर कहा कि सुरक्षा का आकलन खतरे के आधार पर होता है। इसमें जाति या राजनीतिक दल नहीं देखा जाता। मायावती, अखिलेश यादव या किसी अन्य नेता को खतरे के आकलन के अनुसार सुरक्षा दी जाती है। बुलेटप्रूफ गाड़ी, कमांडो और सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जा रहा है तो केवल बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है।