विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट धाम जाने वाली यात्रियों के लिए खुशखबरी, सेंट्रल पर 8 सितंबर से मिलेगी 24 कोच की चित्रकूट इंटरसिटी

Published: Fri, 28 Aug 2026 08:55 PM (IST)

रेलवे ने दो एक्सप्रेस ट्रेनों का विलय कर चित्रकूट इंटरसिटी को 8 सितंबर से कानपुर सेंट्रल से 24 कोच के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. चित्रकूट इंटरसिटी अब 24 कोच के साथ चलेगी।

  2. कानपुर सेंट्रल से 8 सितंबर को होगी शुरुआत।

  3. प्रतापगढ़ से चित्रकूट के लिए सीधी रेल सेवा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और कानपुर-प्रतापगढ़ रेलखंड पर बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल और चित्रकूटधाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस के विलय के बाद अब ट्रेन को 24 कोच के साथ चलाया जाएगा, इससे यात्रियों की क्षमता दोगुनी हो जाएगी और भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है। सेंट्रल स्टेशन से आठ सितंबर को 24 कोच की इंटरसिटी चित्रकूट के लिए निकलेगी।

रेलवे ने 14109/14110 चित्रकूटधाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस और 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस का विलय कर 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी दी है। पहले 12 कोच वाली सेवा अब 24 कोच की होगी। ट्रेन नंबर 14124 चित्रकूट धाम कर्वी-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ सात सितंबर से चलेगी।

इसी तरह ट्रेन नंबर 14123 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूट धाम कर्वी आठ सितंबर से सुबह 11.05 बजे सुबह चलेगी। इस बदलाव से प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली और लखनऊ क्षेत्र के यात्रियों को चित्रकूट के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

वहीं कानपुर, हमीरपुर रोड, बांदा और अतर्रा समेत मार्ग के यात्रियों को भी अतिरिक्त सीटों का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि अब चित्रकूट जाने वाले यात्रियों को कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। प्रतापगढ़ से कानपुर आने पर इस ट्रेन का ठहराव करीब डेढ़ घंटे रहेगा। इसके बाद ये ट्रेन आगे की ओर जाएगी।

इधर, त्योहारों को लेकर चार जोड़ी ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे

त्योहारों को लेकर चार जोड़ी ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 09309 इंदौर से हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 30 अगस्त तक चलनी थी। अब इस ट्रेन के 25 फेरे बढ़ाए गए हैं। चार सितंबर से 27 नवंबर तक इस ट्रेन को विस्तार दिया गया है। ट्रेन नंबर 09310 हजरत निजामुद्दीन से इंदौर को 31 अगस्त तक चलाया जाना था। अब इस ट्रेन के फेरे पांच सितंबर से 28 नवंबर तक बढ़ा दिए गए हैं।

मऊ साप्ताहिक के भी फेरे बढ़ाए

ट्रेन नंबर 09195 वड़ोदरा से मऊ साप्ताहिक को पहले 26 सितंबर तक चलाया जाना था। अब तीन अक्टूबर से 28 नवंबर तक नौ फेरों के लिए इस ट्रेन को बढ़ाया जा रहा है। वहीं ट्रेन नंबर 09196 मऊ से वड़ोदरा 27 सितंबर से बढ़ाकर 29 नवंबर तक विस्तारित की गई है। इसी तरह ट्रेन नंबर 09065 सूरत-छपरा स्पेशल 29 सितंबर तक चलाई जानी थी। अब 20 अक्टूबर से 17 नवंबर तक अवधि में विस्तार किया गया है। 09066 छपरा-सूरत एक्सप्रेस 30 सितंबर तक चलनी थी। अब इसके पांच फेरे बढ़ाए जाएंगे। ये ट्रेन 21 अक्टूबर से 18 नवंबर तक चलेगी।