विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मौत का 'ट्रैक रिकॉर्ड'! बिहार और हमीरपुर के बाद कानपुर पुल का काम भी विवादित कंपनी को, क्या सुरक्षित होगा सफर?

By Ritesh DwivediEdited By: Anurag Shukla
Published: Fri, 29 May 2026 01:37 PM (IST)

कानपुर के ट्रांस गंगा सिटी पुल के ठेके को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, क्योंकि इसका निर्माण कार्य एसपी ...और पढ़ें

हमीरपुर में गिरा पुल। जागरण

हमीरपुर में गिरा पुल। जागरण

HighLights

  1. हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल गिरने से मलबे में दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई


  2. हमीरपुर की घटना के बाद ताजा हो गईं बिहार में भागलपुर में अगुवानी-सुल्तानगंज पुल गिरने का मामला

  3. एसपी सिंगला कंपनी बिहार में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना के बाद विवादों में रही, अब कानपुर में बना रही पुल

जागरण संवाददाता, कानपुर। हमीरपुर और बिहार में पुल हादसों के बाद अब कानपुर ट्रांस गंगा सिटी पुल निर्माण के ठेके पर सवाल खड़े हो गए हैं। बिहार में गिरा पुल जिस कंपनी ने बनवाया था उसे ही कानपुर के ट्रांस गंगा सिटी पुल की जिम्मेदारी दी गई है। अब लगातार हादसों के बाद प्रशासनिक और निर्माण एजेंसियों में मिलीभगत का मुद्दा उठने लगा है।

हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिर गया, जिसमें दबकर छह मजदूरों की मृत्यु हो गई है। चर्चा है कि जिस कंपनी को पुल निर्माण की जिम्मेदारी दी गई थी वह भी विवादों में रही है। ऐसा ही एक विवाद कानपुर से जुड़ा है। ट्रांसगंगा सिटी पुल निर्माण का ठेका पाने वाली हरियाणा की एसपी सिंगला कंपनी बिहार में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना के बाद विवादों में रह चुकी है।

बिहार में गिरा था पुल का हिस्सा

चार जून 2023 को बिहार के भागलपुर में अगुवानी-सुल्तानगंज पुल का हिस्सा गिर गया था। 1717 करोड़ की लागत से बन रहे उस पुल के निर्माण में एसपी सिंगला कंपनी शामिल थी। मई 2020 में पटना के लोहिया पथ चक्र परियोजना के दौरान कंक्रीट स्लैब गिरने से तीन बच्चों की मौत के बाद भी कंपनी जांच के घेरे में आई थी। बावजूद इसके इस कंपनी को ट्रांस गंगा सिटी पुल के निर्माण की जिम्मेदारी मिलने से विवाद खड़ा हो रहा है।

500 करोड़ का प्रोजेक्ट

एसपी सिंगला के साथ ही आगरा की पीएनसी इन्फ्राटेक लिमिटेड को भी पुल निर्माण में टेंडर मिला है। इस पुल के निर्माण में 500.50 करोड़ रुपये खर्च होगा। वहीं भूमि अधिग्रहण सहित पुल निर्माण की कुल लागत 753 करोड़ रुपये है। यह वाई-आकार का पुल रानीघाट और धोबी घाट से सीधे उन्नाव स्थित ट्रांसगंगा सिटी के गेट नंबर दो पास उतरेगा।

गंगा में करीब दो किमी रहेगा पुल

सेतु निगम ने नगर निगम से भैरोघाट और धोबीघाट पर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। करीब चार किलोमीटर लंबे इस पुल में 1825 मीटर हिस्सा गंगा नदी के ऊपर बनेगा। पुल की शुरुआत रानीघाट स्थित जलकल पंपिंग स्टेशन से होकर धोबीघाट तक होगी। इसके बाद मार्ग सीधे उन्नाव स्थित ट्रांसगंगा सिटी के गेट नंबर दो के पास जाकर जुड़ेगा। दोनों ओर से आने वाले मार्ग आगे चलकर फोरलेन सड़क में तब्दील होंगे।

सेतु निगम का दावा, गुणवत्ता से समझौता नहीं

पुल बनने के बाद वीआइपी रोड से ट्रांसगंगा सिटी पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक पुल निर्माण में गुणवत्ता मानकों से कोई समझौता नहीं होगा। निगरानी के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाएगी।

 

हमीरपुर हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। दोषी इंजीनियरों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। ट्रांसगंगा पुल निर्माण के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी को टेंडर दिया गया। सुरक्षा और गुणवत्ता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
धर्मवीर सिंह, प्रबंध निदेशक, सेतु निगम उत्तर प्रदेश

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।