विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT Kanpur का सांस्कृतिक महाकुंभ 'अंतराग्नि-2026' कल से, फिल्मी सितारे बिखेरेंगे जलवा, यहां पढ़ें 4 दिन का पूरा शेड्यूल

Published: Wed, 28 Oct 2026 02:30 PM (GMT+05:30)

आईआईटी कानपुर का 61वां सांस्कृतिक महोत्सव 'अंतराग्नि 2026' 29 अक्टूबर से 'ए प्रिज़मैटिक रियल्म' थीम पर शुरू हो रहा है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. IIT कानपुर का 61वां 'अंतराग्नि' महोत्सव 29 अक्टूबर से

  2. 'ए प्रिज़मैटिक रियल्म' थीम पर 400 से अधिक कॉलेज

  3. संगीत, नृत्य, फैशन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में फिल्मी सितारे

जागरण संवाददाता, कानपुर। आईआईटी (IIT) में गुरुवार से चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘अंतराग्नि 2026’ का आगाज होगा। 29 अक्टूबर से एक नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के 400 से अधिक कॉलेजों के विद्यार्थी संगीत, नृत्य, नाटक, फैशन और साहित्य समेत विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस बार महोत्सव की थीम ‘ए प्रिज़मैटिक रियल्म’ रखी गई है, जिसके तहत कला और रचनात्मकता के विविध रंग एक मंच पर दिखाई देंगे।

वर्ष 1965 में परिसर के एक छोटे से सांस्कृतिक आयोजन के रूप में शुरू हुआ अंतराग्नि अब देश के प्रमुख छात्र सांस्कृतिक महोत्सवों में शामिल है। अपने 61वें संस्करण में पहुंच रहे इस आयोजन में 75 से अधिक प्रतिस्पर्धी और गैर-प्रतिस्पर्धी गतिविधियां होंगी।

आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में 1.6 लाख से अधिक प्रतिभागियों की प्रत्यक्ष मौजूदगी और 3.5 लाख से अधिक ऑनलाइन दर्शकों के जुड़ने की संभावना है। विभिन्न प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए 70 से अधिक विशेषज्ञ कलाकार और निर्णायक शामिल होंगे।

महोत्सव के पहले दिन उद्घाटन समारोह के साथ ‘इंडिया इंस्पायर्ड’ श्रृंखला में प्रख्यात हस्तियां युवाओं से संवाद करेंगी। शाम को इंटरनेशनल कार्निवल और इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक (ईडीएम) नाइट आयोजित होगी। दिन का प्रमुख आकर्षण फैशन प्रतियोगिता ‘रितंभरा’ रहेगी।

30 अक्टूबर को पश्चिमी समूह नृत्य प्रतियोगिता ‘जिटरबग’, नुक्कड़ नाटक, मंचीय नाटक, कविता पाठ और मॉडल यूनाइटेड नेशंस जैसी गतिविधियां होंगी। एनीमे प्रेमियों के लिए ‘ऐनिकॉन’ भी आकर्षण रहेगा। शाम को एलईडी डांस, बीटबॉक्सिंग और बॉलीवुड नाइट का आयोजन होगा।

31 अक्टूबर को रॉक बैंड प्रतियोगिता ‘सिंक्रोनिसिटी’ का फाइनल होगा। इसके अलावा हिप-हॉप नाइट, स्टैंडअप कॉमेडी प्रतियोगिता ‘कॉमिक कौन?’ और ‘डीजे वॉर्स’ दर्शकों को आकर्षित करेंगे। ‘रितंभरा’ के फिनाले में अभिनेत्री आयशा ऐमन, अभिनेता करण ओबेरॉय और अभिनेत्री रशालिका सबरवाल निर्णायक की भूमिका निभाएंगी।

एक नवंबर को नुक्कड़ नाटक और ‘जिटरबग’ के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ अंतराग्नि आइडल, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं और ‘टर्नकोट’ जैसी गतिविधियां होंगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं के बीच महोत्सव का समापन होगा। चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ देशभर के युवाओं से जुड़ने का अवसर देगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।