विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur 5600 Cr Cyber Fraud Case: इखलाक का पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आत्मसमर्पण, नोटिस देकर छोड़ा गया, 14 बैंकों को नोटिस

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:30 PM (IST)

कानपुर में 18 राज्यों और विदेश से जुड़े 5600 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने इखलाक ...और पढ़ें

इखलाक, शाहजेब, और सलमान। सौजन्य पुलिस

इखलाक, शाहजेब, और सलमान। सौजन्य पुलिस

HighLights

  1. पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंच किया था समर्पण, गिरफ्तारी की धाराएं न होने से पूछताछ कर जाने दिया

  2. विवेचना में आरोपित और साथी का नाम प्रकाश में आया, डीएलएफ में एक फ्लैट और थार कार 

  3. पांच बैंक खातों में से एक खाते के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं छह शिकायतें

जागरण संवाददाता, कानपुर। 5600 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में वांछित सेवानिवृत्त दारोगा के बेटे इखलाक हुसैन ने बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में समर्पण कर दिया। गिरफ्तारी की धाराएं न होने से पूछताछ के बाद उसे नोटिस देकर छोड़ दिया गया। उसने कई बातें पुलिस को बताई हैं।

बुधवार को सावित्री नगर निवासी सेवानिवृत्त दारोगा ताजदार का बेटा इखलाक पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा। उसने बताया कि उसके पिता उन्नाव एसपी की गाड़ी चलाते थे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। उसने बताया कि उसके बैंक खातों में बांसमंडी का आमिर लेनदेन कराता था व उसने ही उसे गिरोह में शामिल किया था। पुलिस ने बांसमंडी से आमिर को पकड़कर पूछताछ की तो 19 नए बैंक खातों का पता चला।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि आमिर के अनुसार, जेल में बंद सरगना शाहजेब ही खातों में ठगी की रकम मंगाता और अन्य में भेजता था। इखलाक के एसबीआइ के खाते में 1.09 करोड़, बैंक आफ बड़ौदा में 1.84 करोड़, एचडीएफसी में 1.10 करोड़ व आइसीआइसीआइ में 3.50 करोड़ रुपये के लेनदेन 2024 से अब तक मिले हैं।

रौब झाड़ने के लिए रखता था बाउंसर

आमिर ने बताया कि इखलाक लग्जरी जीवन जीता था। डीएलएफ में एक फ्लैट और थार कार है। वह रौब झाड़ने के लिए अपने साथ बाउंसर भी रखता था। उसका साइबर सेल समेत कई थानों की पुलिस के बीच अच्छी पैठ है।

14 बैंकों को नोटिस

पुलिस ने 14 बैंकों को नोटिस भेजा है। उनके अफसरों के बयान लेकर मुकदमा लिखाने व फरार आरोपितों पर इनाम घोषित करने की तैयारी है। पुलिस ने शनिवार को मनी लांड्रिंग, जीएसटी से आइटीसी चोरी व हवाला के धंधे से जुड़े गिरोह के सरगना शाहजेब वारिस व उसके साथी सलमान को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

इखलाक के खाते में आनलाइन गेमिंग से सात दिन में हुआ था 1.85 करोड़ का लेनदेन

5600 करोड़ की ठगी के मामले में फरार सेवानिवृत्त दारोगा के बेटा इखलाक हुसैन गिरोह के सरगना शाहजेब का खास साथी। उसके पांच खातों में एक खाते में सात दिन में 1.85 करोड़ रुपये आनलाइन गेमिंग के खाते से लेनदेन मिला। उसी खाते में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी पोर्टल) में छह शिकायतें दर्ज हैं।

10 से अधिक लोग फरार

5600 करोड़ की ठगी में जेल में बंद गिरोह का सरगना बेकनगंज निवासी शाहजेब वारिस और चमनगंज निवासी सलमान के साथी इखलाख हुसैन, मो. आरिफ, एहतेशाम हुसैन, शाहवेज इलाही, मो. मुजम्मिल, मो. अनस, अर्सलान, आमिर समेत 10 से अधिक मुख्य लोग फरार थे।

मुरे कंपनी स्थित एक होटल था अड्डा

बुधवार दोपहर पुलिस आयुक्त कार्यालय में मूलरूप से प्रयागराज व वर्तमान पता सावित्री नगर निवासी सेवानिवृत्त दारोगा ताजदार का बेटे इखलाक हुसैन ने आत्म समर्पण किया था, जो सरगना का खास साथी बताया गया। वह मुरे कंपनी स्थित एक होटल को लीज पर चलाता है, जिसकी आड़ में आनलाइन गेमिंग, आनलाइन मैचों में सट्टा खेलने वालों के नेटवर्क से जुड़कर साइबर ठगी करता था।

इन बैंकों में खाते

साइबर क्राइम थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि इखलाक की वाईएएम हास्पिलिटी के नाम से एक फर्म है। हालांकि वह होटल चलाता है। उसका एचडीएफसी बैंक में दो, एसबीआइ में एक, बैंक आफ बड़ौदा पटेल नगर शाखा में एक और आइसीआइसीआइ बैंक में एक खाता है।

कहां से आया था इतना पैसा

बैंक आफ बड़ौदा के खाते में छह एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज हैं। उसमें आनलाइन गेमिंग के खाते से 13 सितंबर 2023 से 21 सितंबर 2024 तक 92.50 लाख रुपये आए और उतने ही रुपये निकल गए। उस समय भी चकेरी पुलिस ने उसे उठाया था, लेकिन गिरफ्तार करने की बजाए छोड़ दिया था। उन खातों में रकम कहां से आई और किन-किन लोगों को भेजी गई। इसका ब्योरा बैंक से मांगा गया है। इसके साथ ही इखलाक से भी इस बारे में पूछा गया है।

इस वजह से नहीं हुई गिरफ्तारी

गिरोह के सरगना शाहजेब और सलमान और आरिफ जिस मुकदमे में की विवेचना में इखलाक का नाम प्रकाश में आया, लेकिन अब तक की जांच में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और आइटी एक्ट की धारा लग रही है, जिसे विवेचना में जोड़ा गया है। इन धाराओं में गिरफ्तारी नहीं की जा सकती है। वहीं, आमिर के एचडीएफसी बैंक में तीन खाते हैं। उसके खाते का ब्योरा मांगा गया है। दोनों को नोटिस तामील करा छोड़ दिया गया। उन्हें सभी दस्तावेजों के साथ शुक्रवार को फिर बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur Cyber Fraud: 5600 करोड़ ठगी मामले में बड़ा कनेक्शन, पुलिसकर्मियों के साथ दिखा सेवानिवृत्त दारोगा का बेटा, PHOTO VIRAL

यह भी पढ़ें- Kanpur News: 5600 करोड़ मामले में मनी लांड्रिंग, ITC चोरी व सट्टेबाजी पर निगाह, 14 आरोपित सिर्फ मोहरा, बड़े सिंडिकेट की आशंका

यह भी पढ़ें- Kanpur 5600 Cr Cyber Fraud: पिता और ससुर दरोगा, लीज पर होटल लेकर बेटा चलाता ठग गिरोह, नेपाल तक फैलाया नेटवर्क

यह भी पढ़ें- Kanpur 5600 Crore Case: 18 राज्यों में फैला नेटवर्क, 9 खातों में 100 करोड़ से ज्यादा लेनदेन, इन बड़ी फर्मों का सामने आया नाम